चावल के ट्रक के नीचे घटना स्थल प फंसी बाइक।
बराड़ा। मंगलवार सुबह चावलों से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर हालत में उसे मुलाना के एमएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव राजौली निवासी जसबीर सैनी (35) बराड़ा में पेंट की दुकान पर काम करता है। मंगलवार सुबह वह काम पर जाने के लिए अपने घर से बराड़ा के लिए निकला।
गांव के पास ही सामने से तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपने चपेट में ले लिया और काफी दूर तक बाइक समेत घसीटता चला गया। लोगों ने देखा तो शोर मचाया और ट्रक के नीचे से जसबीर को निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चावलों से भरा यह ओवरलोड ट्रक राजोली के आगे एक सैलर में जा रहा था।
राजौली निवासी राजेश कुमार ने बताया कि जसबीर सैनी उसके चाचा का बेटा है जो अपनी साइड से जा रहा था जबकि तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक ने रांग साइड में जाकर उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जसबीर के हाथों और टांगों पर गहरी चोट आई है, उसे एमएम अस्पताल मुलाना में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर मुलाना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब ट्रक को वहां से ले जाने की बात कही तो ग्रामीण अड़ गए कि पहले ट्रक चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तभी ट्रक यहां से जाने देंगे।
वर्जन
मामले में दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। घायल को इलाज के लिए एमएम अस्पताल मुलाना में भर्ती कराया गया है।
-सुरिंद्र कुमार, जांच अधिकारी