अंबाला। इंदिरा पार्क के पास स्थित दोपहिया मार्केट की दो दुकानों पर एक पेड़ गिर गया। जिस समय पेड़ गिरा,उस समय दुकानदार मौके पर मौजूद नहीं थे, लेकिन पेड़ के कारण दुकान के बाहर लगा लोहे का शेड टूट गया और इससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा।
दुकानदार बिट्टू, टिम्मी व अन्य ने बताया कि इंदिरा पार्क की दीवार के साथ कई ऐसे पेड़ हैं जो खोखले हो चुके हैं। कुछ दिन पहले भी एक पेड़ इस मार्केट में गिर गया था और पेड़ के गिरने से बिजली की तारें टूट गई थी। उन्होंने बताया कि पहले भी इन खोखले पेड़ों के संबंध में नगर परिषद में जानकारी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई और इसका खामियाजा आज उन्हें उठाना पड़ा। सुबह लगभग 8 बजे यह पेड़ सड़क के बीचोंबीच गिरा था। इससे दुकानों को तो नुकसान हुआ ही, साथ ही मार्केट जाने का रास्ता भी बंद हो गया। दुकानदारों ने बताया कि वो सुबह 9 बजे ही नप कार्यालय जाकर शिकायत दे आए थे, लेकिन तीन बजे तक किसी भी अधिकारी व कर्मचारी ने मौके पर आकर हालात देखने की कोशिश नहीं की। जब दोबारा नप कार्यालय गए तब टीम मौके पर आई और उन्होंने पेड़ को काटकर रास्ता साफ करवाया।