साहा (अंबाला)। बिहटा गांव में जानू चिकन कॉर्नर पर आधा दर्जन बदमाशों ने ट्रांसपोर्ट की रंजिश के चलते पिटाई कर दी। लोहे की रॉड और पाइप से हमलाकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने हर्ष सहित अन्य पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में बिहटा गांव निवासी भूषण लांबा ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का काम करता है। 25 फरवरी को रात के समय वह जानु चिकन कॉर्नर पर खाना पैक कराने के लिए गया था। जैसे ही वह वापस लौटने लगा तो मौके पर साहा निवासी हर्ष और बिहटा गांव निवासी विजय व उसके करीब पांच साथी ओर आ गए।
इतने में हर्ष ने बिना मतलब के बहस शुरू कर दी और बोला कि तुम आंखें क्यूं निकाल रहे हो। मना करने पर हर्ष और उसके साथियों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सिर पर एक के बाद एक तीन वार किए और लोहे के पाइप से भी पीटा। मारपीट के दौरान गले से सोने की चेन तोड़ ली, वहीं पर्स से 8 हजार रुपये की नकदी भी निकाल ली। मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए हमलावर फरार हो गए। उपचार के उसे मुलाना अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां से उसे अंबाला शहर रेफर कर दिया।