अंबाला सिटी। प्रदेशभर में अब बिजली निगम सिंगल पोल पर ट्रांसफार्मर लगाएगा। यह ट्रांसफार्मर लगाने के लिए हरियाणा में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर अंबाला को चुना गया है। इसके बाद पूरे प्रदेश में यह योजना लागू होगी। पायलट प्रोजेक्ट में अंबाला के शहर डिविजन के चौड़मस्तपुर फीडर के दो गांव भानोखेड़ी और मोहड़ी लिए गए हैं। यह प्रोजेक्ट हाई वोल्टेज डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम (एचवीडीएस) के तहत लगाया जाएगा। खास बात यह होगी कि इस प्रोजेक्ट के लगने से न केवल उपभोक्ताओं को बिजली वॉल्टेज बहुत अच्छी मिल सकेगी, बल्कि बिजली निगम को भी फायदा होगा, क्योंकि बिजली चोरी न होने से लाइनलॉस भी कम होगा।
इस प्रोजेक्ट पर बिजली निगम करीब एक करोड़ 44 लाख रुपये खर्च करेगा। गांव भानोखेड़ी और मोहड़ी में जितने भी एलटी लाइन के बिजली के तार हैं, उनको भी पूरी तरह बदला जाएगा। पूरा सिस्टम नया लगेगा। जिससे उपभोक्ताओं को बिजली वॉल्टेज अच्छी मिल सकेगी। एक तरह से यह मॉडल के तौर पर तैयार होंगे। इस प्रोजेक्ट के लिए इसी महीने में टेंडर लगेंगे और इसी माह फाइनल होने के बाद कार्य शुरू होगा।
दरअसल, अभी इन गांव में 63 और 100केवी के ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। इन ट्रांसफार्मर से बिजली पोल पर लगे मीटर तक पहुंचती है। जिससे काफी दूर तक केबल डालनी पड़ती है। ऐसे में ट्रांसफार्मर से मीटर तक केबल की दूरी ज्यादा होने से बिजली चोरी बढ़ जाती है। इस चोरी को रोकने और बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए निगम का प्रोजेक्ट है। लाइनलॉस और बिजली चोरी भी कम होगी। ट्रांसफार्मर से लंबी लाइन होने पर वोल्टेज कम हो जाती है। इस प्रोजेक्ट से बेहतर वोल्टेज मिलेगी।
अभी इन गांव में 16 ट्रांसफार्मर लगे, प्रोजेक्ट में 70 लगेंगे
गांव भानोखेड़ी और मोहड़ी में अभी बिजली निगम के 16 ट्रांसफार्मर लगे हैं। इन ट्रांसफार्मर में 63 और 100केवी के हैं। यह सभी ट्रांसफार्मर डबल पोल पर लगे हैं। अब इनको बदलकर सिंगल पोल पर ट्रांसफार्मर लगेंगे। दोनों गांव में अब कुल 70 ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे जो अब 25केवी के होंगे। यह दिखने में भी छोटे हैं। ट्रांसफार्मर के साथ ही पोल पर बिजली मीटर भी लगे होंगे।
अंबाला शहर डिविजन के दो गांव भानोखेड़ी व मोहड़ी में यह पायलट प्रोजेक्ट शुरू होगा। जिसमें सिंगल पोल पर 25केवी के छोटे ट्रांसफार्मर लगेंगे। इस प्रोजेक्ट पर करीब 1.44 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मई माह में यह प्रोजेक्ट शुरू होगा। इससे दोनों गांव में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी। उपभोक्ताओं को अच्छी वॉल्टेज मिल सकेगी।
-सुखबीर सिंह, एक्सईएन, बिजली निगम अंबाला शहर डिविजन।
यह अच्छा प्रोजेक्ट है। प्रोजेक्ट के लगने से ग्रामीणों को बेहतर बिजली सुविधा मिलेगी। इस प्रोजेक्ट के तहत बिजली के तार भी बदले जाएंगे। जिससे बिजली वॉल्टेज भी अच्छी होगी। बिजली निगम जल्द ही इस प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू करेगा। पूरे हरियाणा में पॉयलट प्रोजेक्ट के लिए अंबाला शहर विधानसभा के दो गांव को चुना गया है।
-असीम गोयल, विधायक अंबाला शहर।