अंबाला सिटी। वर्तमान युग में वैज्ञानिक आधुनिक दिनचर्या में ज्यादातर लोगों के पास समय का भारी संकट चल रहा है, जिस वजह से वह सत्संग भजन कीर्तन व किसी प्रकार से का कोई धार्मिक कार्यक्रम हो, उसमें लोग अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करवा रहे हैं। ज्यादा धन कमाने की इच्छा में वह परमात्मा की दृष्टि से दूर होते जा रहे हैं, यह शब्द अंबाला सिटी दुर्गानगर स्थित शिव मंदिर नगर खेड़ा के वार्षिक उत्सव में श्रीराम चरित मानस अखण्ड पाठ पारायण कार्यक्रम के दौरान आचार्य सनातन चैतन्य महाराज ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहे। बता दें कि नगर खेड़ा के वार्षिक उत्सव में श्री कबीर जन कल्याण सेवाश्रम मोती नगर के संरक्षक आचार्य सनातन चैतन्य महाराज विशेष प्रवक्ता के रूप में मुख्यातिथि के तौर पर कार्यक्रम में आमंत्रित किए गए थे, जहां पर सर्वप्रथम पुजारी पंडित रविन्द्र नाथ तिवारी के नेतृत्व में नगर खेड़ा महाराज को प्रसन्न करने के लिए सभी भक्तों ने विधिवत हवन यज्ञ में संपूर्ण आहुतियां डाली। उसके बाद भजन कीर्तन का कार्यक्रम किया गया, वहीं कार्यक्रम में पहुंचे सनातन आचार्य चैतन्य महाराज का मंदिर कमेटी सदस्यों व सभी भक्तों की ओर से भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में श्रीराम चरित मानस अखण्ड पाठ पारायण की कथा का वर्णन करते हुए चैतन्य महाराज ने कहा कि लोग अपनी सुख सुविधाओं को बेहतर करने के उदे्श्य से धन तो कमा रहे हैं, लेकिन कहीं न कहीं परमात्मा से भी दूरी रख रहे हैं, जबकि सभी को यह मालूम है कि परमात्मा की दयादृष्टि के बिना कुछ भी संभव नहीं है। फिर भी मनुष्य अपनी निजी सुख सुविधा के लिए बाहरी वस्तुओं को एकत्रित करने में अपनी संसारिक यात्रा संपूर्ण कर देता है। सभी को परमात्मा के लिए समय जरूर निकलना चाहिए, अंत समय में परमात्मा की भक्ति का भाव ही साथ जाएगा, बाकि सब व्यर्थ ही रहेगा। कार्यक्रम के समापन विशाल भंडारे के साथ किया गया। जिसमें सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर मंदिर कमेटी के सभी सदस्यों ने महाराज का अभिनंदन किया। इस अवसर पर रविंद्र नाथ तिवारी, प्रेमनाथ मिश्रा, सुरेंद्र शर्मा, कैलाशनाथ पांडे, राम प्रसाद तिवारी प्रधान श्री सनातन पूजा समिति, रामबिहारी मिश्रा, रविंद्र वर्मा, सीताराम, ज्ञानदेवी तिवारी, महिंद्र कौर, ज्योति तिवारी, राजीव वर्मा, संजीव कबीर, सीमा वर्मा, सरोज बाला आदि अन्य लोग उपस्थित थे।