अंबाला। अंबाला सीआईए टू की टीम ने नशा तस्करों को पकड़ने में बड़ी सफलता प्राप्त की। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पड़ाव थाना एरिया से शास्त्री कट के पास तीन किलो अफीम के साथ पति-पत्नी समेत सप्लायर को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपियों की पहचान हरि नगर जिला सीतामढ़ी बिहार निवासी दुर्योधन साहनी, उसकी पत्नी व सुबोध साहनी के रूप में हुई है।
डीएसपी जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी दुर्योधन व उसकी पत्नी अफीम सप्लाई करने जा रहे थे। इसी बीच पुलिस टीम को सूचना मिली। जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए दंपती व एक्टिवा पर अफीम लेने पहुंचे तीसरे आरोपी सुबोध साहनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शनिवार को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पता लगाया जा सके कि आखिर वह अफीम कहां से खरीदकर लाए थे और आगे कहां-कहां सप्लाई करते थे।
आठ लाख की हेरोइन सहित दो को किया था काबू
दिल्ली से हेरोइन लाकर छावनी के सेक्टर-34 स्थित आशियाना घसीटपुर में कार से सप्लाई देने आ रहे दो आरोपियों को पुलिस ने 10 अगस्त को काबू किया था। पुलिस ने करीब आठ लाख रुपये की कीमत की 80 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के साथ-साथ गाड़ी जब्त कर ली थी।