अंबाला। धन-धन श्री गुरु हरकृष्ण साहिब जी की चरण स्पर्श धरती गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में तीन दिवसीय सालाना समागम का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। सुबह गुरु चरणों में अरदास उपरांत श्री अखंड पाठ साहिब संपन्न किए।
इसके बाद पंजोखरा साहिब गांव में ही नगर कीर्तन का आयोजन किया, जोकि वापस गुरुद्वारा साहिब पर आकर संपन्न हुआ। समागम में गुरुद्वारा साहिब के मुख्य कीर्तनी जत्थे ने संगत को इलाहीबाणी के जाप सुनाकर निहाल किया। इसी प्रकार शाम को भी कथा-कीर्तन का आयोजन किया। इस मौके पर गांव वासी और अंबाला जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आई संगत मौजूद रही।
शनिवार को सुबह 9 बजे गुरमत समागम में कीर्तनी जत्थों द्वारा इलाहीबाणी के जाप किए जाएंगे जोकि रात 11 बजे तक चलेंगे। 18 फरवरी दिन रविवार को भी विशेष कीर्तन दीवान सुबह 9 बजे से लेकर रात्रि 10 बजे तक भाई छज्जु जी दीवान हाल में सजाए जाएंगे। रविवार को ही सुबह 11 बजे अमृत संचार भी करवाया जाएगा।
समागम में पंथ प्रसिद्ध ज्ञानी मान सिंह पूर्व ग्रंथी श्री दरबार साहिब अमृतसर, सतिंदर बीर सिंह हजूरी रागी श्री दरबार साहिब, भाई जगजीत सिंह बबीहा दिल्ली वाले, भाई अमनदीप सिंह खालसा हजूरी रागी श्री दरबार साहिब, भाई सरूप सिंह कडिआणा ढाडी जत्था, ज्ञानी गरजा सिंह ढाडी जत्था मानकपुर शरीफ, भाई जसकरन सिंह पटियाला वाले, भाई सुखविंदर अनमोल ढाडी जत्था, बीबी कंवलजीत कौर मसकीन रागी जत्था शाहबाद मारकंडा, भाई गुरमीत सिंह कवीशर जत्था, ज्ञानी जसवंत सिंह कथा वाचक श्री दरबार साहिब, भाई दविंदर सिंह खालसा सोहाणा वाले, भाई सिमरनजीत सिंह खालसा हजूरी रागी श्री दरबार साहिब, भाई सिमरप्रीत सिंह हजूरी रागी श्री दरबार साहिब, भाई निरभय सिंह हजूरी रागी श्री दरबार साहिब, भाई गुरप्रताप सिंह पदम ढाडी जत्था, डॉ अलंकार सिंह पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला वाले, भाई सुच्चा सिंह कविशर जत्था डेरा पठाना, भाई साहिब सिंह चक्कू हैड ग्रंथी गुरुद्वारा मंजी साहिब कैथल, भाई गुरदित सिंह कथा कीर्तन द्वारा संगतों को निहाल करेंगे। समागम के दौरान आई संगतों के लिए गुरु का लंगर व विभिन्न प्रकार के मिष्ठान प्रसाद का भी प्रबंध किया गया है।
फूलों से सुशोभित गुरु महाराज जी की पालकी साहिब। संवाद