बराड़ा। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और आपराधिक वारदातों से क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है। आगामी सर्दी के मौसम में धुंध होने के कारण लोगों को ऐसी घटनाओं से डर सता रहा है। गत सप्ताह एमएम अस्पताल मुलाना और बराड़ा से दिनदहाड़े लूट की वारदातों से क्षेत्र के लोग सहमे हैं।
त्योहारों का भी सीजन है, ऐसे में लोगों को अपने साथ किसी अनहोनी का भय सता रहा है। रोजमर्रा के काम करने वाले देर रात भी अपने काम से लौटते हैं, ऐसे में उन्हें सुरक्षित माहौल जरूरी है। इसके अलावा क्षेत्र में सबसे ज्यादा बाइक चोरी की वारदातें हो रही हैं। बाइक चोर खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि त्योहारों के चलते क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और अपराधियों पर शिकंजा कसा जाए।
इस माह हुईं वारदातें
तीन अक्टूबर को धनौरा के गुरु रविदास मंदिर का ताला तोड़कर उसमें चोरी की गई। 7 अक्टूबर को खेड़की खानपुर के रफी की बाइक एमएम अस्पताल के बाहर से चोरी हो गई। 8 अक्टूबर को मुलाना के श्री गुरु रविदास मंदिर से जेवर और रुपए चोरी हो गए। 10 अक्टूबर को एमएम अस्पताल परिसर में दुकान करने वाले बराड़ा निवासी भजन सिंह से करीब 40 हजार रुपए युवक छीन ले गया। इसी दिन बराड़ा में राजौली रोड पर भी एक दुकान पर बैठे व्यक्ति पर चाकू से हमला कर उससे नकदी छीन ली। 12 अक्टूबर को धीन निवासी साहिल की बाइक दशहरा ग्राउंड बराड़ा से चोरी हो गई। वहीं दादुपुर निवासी शेर सिंह की बाइक अनूप डेयरी के पास से 13 अक्टूबर को चोरी हो गई। इसके अलावा बराड़ा निवासी जरनैल सिंह ने अपनी बाइक चोरी होना का मामला बराड़ा चौकी में दर्ज कराया। बराड़ा निवासी सुरजीत सिंह की बाइक भी बराड़ा अनाज मंडी से चोरी हो गई थी। बराड़ा के हरि मंदिर निवासी गणेश दास ने मुलाना थाने में शिकायत दी कि 14 अक्टूबर को संतोष फिलिंग स्टेशन से उसका चार पहिया वाहन चोरी हो गया। इन घटनाओं के संबंध में बराड़ा और मुलाना थाने में मामले दर्ज हैं।