अंबाला। डिफेंस कॉलोनी स्थित आस्था ज्वेलर्स की दुकान में रविवार देररात लाखों की चोरी हो गई। शातिर चोरों ने पहले तो ज्वेलर्स की दुकान के साथ सटी पहली मंजिल की खाली दुकान किराये पर ली। फिर उसी दुकान से छत के रास्ते ज्वेलर्स की दुकान में दाखिल हुए।
पहले तो चोरों ने छत के रास्ते पर लगे लोहे के गेट व शटर को गैस कटर से काटा और सीसीटीवी तोड़ने के बाद वारदात को अंजाम दिया। जाते हुए चोर दुकान में ही गैस व कटर सामान छोड़ गए। दुकान मालिक मनीष ने बताया कि चोर उसकी दुकान से करीब 200 ग्राम सोना व 10 किलो चांदी ले उड़े।
शनिवार देररात 2 बजे तक दुकान के सीसीटीवी चल रहे थे लेकिन अचानक बंद हो गए। सूचना पाकर पंजोखरा थाना पुलिस सहित जांच सीआईए-2 की टीम व फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीमें मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई। साथ ही इलाके के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।
चार दिन पहले चोरों ने ली थी किराये पर दुकान, गद्दे रखकर रहने लगे
दुकानदार मनीष ने बताया कि उसके दुकान के साथ ही डेयरी के ऊपर पहली मंजिल पर एक दुकान करीब 15 दिन पहले ही खाली हुई थी। इतने में दुकान मालिक ने बिना किसी दस्तावेजों के एक दुकान कुछ लोगों को किराये पर दे दी। जबकि दुकान मालिक का कहना था कि वह बाहर था और फोन पर ही किराये पर दुकान लेने की बात हुई थी। वापस लौटने के बाद दस्तावेज लेने थे। इस बीच शातिर चोर दुकान में ही गद्दे बिछाकर रहने लगे। पूरी तरह से रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
वर्जन
सराफा कारोबारी की दुकान में चोरी हुई है और दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चोरों ने साथ वाली दुकान किराये पर ली हुई थी। फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
विक्रांत, थाना प्रभारी, पंजोखरा अंबाला।
सर्राफा कारोबारी की दुकान में चोरी के बाद पुलिस जांच करती हुई: संवाद