अंबाला सिटी। सिटी के नेशनल हाईवे स्थित जिले की सबसे बड़ी सब्जी मंडी में बनाए गए तीनों शेड खस्ताहाल हो चुके हैं। शेड में लगाई गई लोहे की चादरें जर्जर अवस्था में हैं। बारिश के दौरान शेड के नीचे पड़ी सब्जियों को तिरपाल से ढका जाता है, क्योंकि चादरें खराब होने के कारण बरसाती पानी सब्जियों पर गिरता है। वहीं, आंधी तूफान आने पर शेड में लगी लोहे की चादरें फड़फड़ाने लगती हैं। शेड की ज्यादातर चादरों में नट बोल्ट नहीं हैं।
स्थानीय आढ़तियों ने बताया कि बीते 13 जुलाई को सोनीपत के गोहाना मंडी में हुए हादसे से अंबाला प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। जिस प्रकार के हालात गोहाना सब्जी मंडी में बने शेड के थे, वही हालात अंबाला सब्जी मंडी के शेडों के हैं। शेड गिरने के कारण गोहाना मंडी में दो लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, दर्जनों लोग घायल हुए थे। सिटी की सब्जी मंडी के शेड करीब 11 वर्ष पुराने हो चुके हैं। तीनों शेडों के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। आढ़तियों ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि सब्जी मंडी में प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। कोई बड़ा हादसा न हो इसलिए शेडों की व्यवस्था दुरुस्त करवाएं।
जर्जर हालत में शेड
सिटी की सब्जी मंडी में बनाए गए शेड खस्ता हालत में हैं। करीब 11 वर्ष पहले यह शेड बनाए गए थे, जिनकी हालत आज कुछ ठीक नहीं है। तीनों शेड जर्जर हालात में पहुंच चुके हैं।
-दिनेश आहूजा, स्थानीय आढ़ती
परेशानी बढ़ जाती है
जब आंधी तूफान की संभावनाएं बनती हैं तो स्थानीय आढ़तियों की परेशानी बढ़ने लगती है। तेज हवाओं के दौरान शेडों से डराने वाली ध्वनि उत्पन्न होने लगती है।
-अमन कुमार, स्थानीय आढ़ती
भय का माहौल
तेज हवाओं में शेडों में लगी लोहे की चादरें फड़फड़ाने लगती हैं। स्थानीय लोगों में अफरा तफरी का माहौल बन जाता है। इस मामले में जिला प्रशासन कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है।
-राकेश कुमार, स्थानीय आढ़ती
सब्जियों पर ढके तिरपाल
बरसात के दिनों में शेड के नीचे पड़ी प्याज, लहसुन व अन्य सब्जियों पर तिरपाल से ढकनी पड़ती हैं। शेड की हालत खस्ता होने के कारण बरसाती पानी सब्जियों पर गिरना शुरू हो जाता है।
-सर्वजीत सिंह, स्थानीय आढ़ती
लिखित में शिकायत दी
मंडी में तीनों शेडों के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत की जा चुकी है, लेकिन किसी भी अधिकारी ने मंडी के शेडों की जांच करवाना जरूरी नहीं समझा।
अमरनाथ, प्रधान, एसोसिएशन सब्जी मंडी
सब्जी मंडी एसोसिएशन की ओर से शेडों से संबंधित शिकायत संज्ञान में आई हुई है। शेडों को लेकर प्रशासनिक उच्च अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है। जल्द ही बजट पास हो जाएगा और शेडों की व्यवस्था को दुरुस्त करवा दी जाएगी।
-दिलेर सिंह, सेक्रेटरी मार्केट कमेटी, अंबाला सिटी।