अंबाला। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुलिस की टुकड़ी और विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक रूप से तैयार की गई झांकियों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाली झांकियों व प्रतिभागियों को सम्मानित किया। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में शिक्षा विभाग द्वारा तैयार की गई झांकी ने पहला, जिला वन विभाग की झांकी ने दूसरा और आयुष विभाग व रेडक्रास की झांकी ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रकार मार्च पास्ट की टुकड़ी में जिला पुलिस की टुकड़ी का नेतृत्व करने वाले एसआई रवि कुमार की टुकड़ी ने पहला, एनसीसी महिला की टुकड़ी ने दूसरा और एसआई सुरेखा के नेतृत्व में जिला महिला पुलिस की टुकड़ी तीसरे स्थान पर रही। जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त विक्रम सिंह ने समारोह के मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को स्मृति चिह्न देकर उनका अभिनंदन किया।