मुलाना। मुलाना में नौकर ने दो युवकों के साथ मिलकर मालिक के नाबालिग बेटे का अपहरण कर लिया। इसके बाद बेटे के सिर पर रिवाल्वर तानकर घर में रखे लॉकर से साढ़े तीन लाख रुपये व एक सोने का कड़ा लेकर फरार हो गए। मुलाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस को दी शिकायत में मुलाना के रहने वाले नरेंद्र सिंह बिलमा ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। उसका 12 वर्षीय बेटा दिग्विजय सिंह चौथी कक्षा में पढ़ता है। 14 अगस्त को उसकी पत्नी निर्मल कौर बाजार गई थी और वह चंडीगढ़ गया था। जब निर्मल कौर घर पहुंची तो देखा कि लॉकर से तीन लाख 50 हजार रुपये गायब हैं। निर्मल ने तुरंत उसे फोन किया। निर्मल कौर ने बेटे दिग्विजय से पूछा कि पैसे कहां गए। डरे सहमे दिग्विजय ने बताया कि शाम करीब चार बजे वह क्रिकेट खेलने जा रहा था। इस दौरान रास्ते में एक गाड़ी आकर रुकी। उसमें सवार लोगों ने जबरन उसे गाड़ी में बैठा लिया।
गाड़ी में उनका नौकर भी था। गाड़ी में सवार तीन लोगों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी और सिर पर रिवाल्वर तान कर डराया धमकाया। वह सहम गया। लॉकर में रखे पैसों को उसे और उसके नौकर को पता था। आरोपियों ने उससे घर में रखे लॉकर में पासवर्ड लगवाया। इसके बाद आरोपी तीन लाख 50 हजार रुपये व सोने का कड़ा ले गए। शिकायत के अनुसार नरेंद्र बिलमा ने नौकर सूरज से पूछताछ कि तो उसने बताया कि जिस गाड़ी में वे थे वो गाड़ी थंबड के रहने वाले शोभन की है। वह डर कर मौके से भाग निकला। शिकायत के आधार पर मुलाना पुलिस ने नौकर सूरज, शोभन व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले में हरिंद्र उर्फ शोभन निवासी थंबड़ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दो दिन के रिमांड पर है। जल्द ही अन्य दोेनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुरेंद्र सिंह, मुलाना थाना प्रभारी