अंबाला। कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन में बेहतर सफाई के लिए बुधवार को सेक्टर-1 अर्बन एस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सफाई कर्मचारियों पर फूल बरसाए गए। 450 रिहायशी भवनों वाले इस सेक्टर की सफाई का जिम्मा सात कर्मचारी संभाल रहे हैं। घरों से रोज कूड़ा उठाने के साथ सेक्टर की सभी सड़कों को साफ सुथरा रखना भी इन कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। मुश्किल समय में सेक्टरवासियों को स्वच्छता की सुविधा उपलब्ध करवाने पर अब एसोसिएशन ने सभी कर्मचारियों को सम्मानित किया। साथ ही उन्हें परिवार के लिए राशन देने के साथ मास्क, गलब्ज व सैनिटाइजर्स भी उपलब्ध करवाए गए। मिले सम्मान के बाद हर सफाई कर्मचारी बेहद उत्साहित नजर आया। एसआई को भी मिला सम्मान सेक्टर-1 की अर्बन एस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से बुधवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। प्रधान सुधीर शर्मा की अगुवाई में सेक्टरवासियों ने लॉकडाउन के बावजूद सेक्टर में बेहतर सफाई कर रहे सभी कर्मचारियों को सम्मानित करने का फैसला किया था। उपप्रधान वीके छिब्बर, व सचिव जनकराज ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के साथ नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर राकेश धारीवाल रिक्की को भी शॉल देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि जब देश के ज्यादातर नागरिक कोरोना वायरस की वजह से अपने घरों में बंद हैं। ऐसे में अपनी जिंदगी दांव पर लगाकर ये कर्मचारी उनके घरों से कूड़ा उठा रहे हैं। साथ ही सेक्टर की सफाई भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में इन्हें सम्मान देना सबकी जिम्मेदारी है। इसी वजह से सभी नौ कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।