मुलाना के धनाना गांव में बाड़े की छत गिरने से मरी भड़ें। संवाद
- फोटो : samvad
संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। धनौरा गांव में भारी बारिश ने भेड़ पालक परिवार की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा कर दिया है। लगातार हो रही बारिश के चलते मंगलवार की देर रात एक पुराने घर की कच्ची छत अचानक ढह गई। छत के मलबे के नीचे दबने से करीब 95 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। भेड़ पालक दर्शन और गुरमीत ने बताया कि बारिश के चलते उन्होंने अपनी करीब 100 भेड़ों को पुराने घर में बांध दिया था। लेकिन लगातार पानी गिरने से कच्ची छत बोझ सहन नहीं कर पाई और भरभराकर गिर गई। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो लगभग सभी भेड़ें मलबे में दब चुकी थीं। इस हादसे में करीब 95 भेड़ों की मौत हो गई और इससे परिवार को लाखों रुपये का भारी नुकसान हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम बराड़ा सतिंदर सिवाच और बीडीपीओ सुशील मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।