साहा। साहा अनाज मंडी के पिछले गेट और बाजीगर बस्ती से बीडीपीओ कार्यालय और राजीव गांधी राजकीय कालेज की आरे जाने वाली सड़क पर एक माह से पानी जमा है। जलभराव के कारण विद्यार्थी दो किलोमीटर का सफर तय कर कालेज जाने को मजबूर हैं। जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण अनाज मंडी के पिछले गेट का प्रयोग साहा के मुख्य बाजार और गांव साहा की ओर आने जाने में इस्तेमाल करते हैं। स्थानीय लोगों की ओर से पानी निकासी के संबंध में अधिकारियों को कई बार शिकायत दी गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों के मुताबिक इस सड़क पर जमा पानी में मच्छर पनप रहे हैं।
वहीं बाजीगर बस्ती से बीडीपीओ कार्यालय और राजीव गांधी राजकीय कालेज की आरे जाने वाली सड़क पर भी करीब महीने से भी ज्यादा समय से पानी खड़ा है। इस गली में दोनों ओर बने घरों के लोगों को इस गंदे पानी के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा साहा मुख्य अड्डा, आस पास के गांव से राजीव गांधी कालेज में पढ़ने वाले छात्रों को पैदल इसी गली से गुजरते थे। लेकिन गली में बरसात का पानी जमा होने के कारण छात्रों को आना जाना बंद पड़ा है।