नारायणगढ़। सरसों एवं राया की बिजाई वैज्ञानिक तरीके व उन्नत किस्मों के साथ करने से किसान अधिक पैदावार प्राप्त कर सकते हैं। उपमंडल कृषि अधिकारी डॉ. नरेश ने कहा कि चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार की समग्र सिफारिशों के अनुसार सरसों की बिजाई शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बीजों के अच्छे अंकुरण के लिए खेत को अच्छी तरह तैयार करना आवश्यक है। यदि दिन का तापमान 30 डिग्री से अधिक हो तो अभी बिजाई करने से बचना चाहिए। बिजाई का उचित समय 20 अक्तूबर तक है। सरसों एवं राया को हर प्रकार की मिट्टी में उगाया जा सकता है, परंतु हल्की दोमट मिट्टी सबसे उपयुक्त है।