अंबाला। दुष्कर्म पीड़िता से जुड़े मामले की जांच में जीआरपी के हाथ एक सुराग लगा है कि एक्टिवा सवार ने बच्ची से दुष्कर्म करने से पहले उसे सिटी के दुर्गा नगर के पास सड़क किनारे खड़ी रेहड़ियों से चाउमीन खिलाई थी। इसे लेकर जीआरपी ने दुर्गा नगर में चाउमीन का काम करने वाले रेहड़ी संचालकों और दुकानदारों को रविवार सुबह थाने में तलब किया और उनसे गहनता से पूछताछ की, जिससे कि एक्टिवा सवार व्यक्ति के बारे में जानकारी हासिल की जा सके। हालांकि प्राथमिक पूछताछ में दुकानदारों से कोई विशेष जानकारी हाथ नहीं लगी है।
बनेगा स्कैच
बच्ची अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसकी हालात में सुधार होते ही आरोपी के हुलिए की जानकारी ली जाएगी और उसका स्कैच बनवाया जाएगा ताकि आरोपी की धरपकड़ की जा सके। वहीं इस मामले को लेकर अंबाला पुलिस और सीआईए की भी मदद ली जा रही है ताकि एक्टिवा सवार का सुराग मिल सके। इसके लिए अंबाला सिटी रेलवे स्टेशन के आसपास और घटनास्थल के नजदीक मुखबिरों को भी सतर्क कर दिया गया है। वहीं बच्ची की सुरक्षा को लेकर भी अस्पताल में कर्मचारी की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा काले रंग की एक्टिवा की जानकारी हासिल करने के लिए एजेंसी संचालकों से भी संपर्क किया जा रहा है।
यह है मामला
गुब्बारे बेचने वाले परिवार की 10 वर्षीय बच्ची के साथ शुक्रवार रात को यह घटना घटित हुई थी। बच्ची की मां के बयान पर अज्ञात एक्टिवा सवार के खिलाफ जीआरपी थाने में मामला दर्ज किया गया है। मां ने बताया था कि शुक्रवार रात को वो शहर रेलवे स्टेशन के पास खाना बना रही थी तो इस दौरान एक 25 वर्षीय अज्ञात युवक आया और बच्चों को परांठा खिलाने के लिए कहने लगा। लेकिन उसने मना कर दिया। इसी दौरान वह अपने काम में व्यस्त हो गई तो मौका देखकर एक्टिवा सवार उसके छोटे बेटे व बेटी को एक्टिवा पर बैठाकर ले गया। करीब दो घंटों बाद उसकी बेटी शहर रेलवे स्टेशन के अंडर पास के पास घायल अवस्था में मिली। घायल अवस्था में शुक्रवार रात 12 बजे उसे अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।