अंबाला सिटी। अंत्योदय परिवार परिवहन योजना के तहत सोमवार को अंबाला शहर बस अड्डे पर भी हैप्पी कार्ड वितरित किए गए। हरियाणा के परिवहन मंत्री असीम गोयल ने कहा कि इस योजना के पात्र लाभार्थी जल्द से जल्द आवेदन करें और अपना कार्ड प्राप्त करें। परिवहन मंत्री ने अंबाला शहर में स्थापित कपड़ा मार्केट में पार्किंग की समस्या का जल्द से जल्द समाधान होने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि लगभग एक जुलाई तक पार्किंग का टेंडर हो जाएगा। इसके साथ-साथ आने वाले कुछ ही दिनों में अंबाला वासियों को इलेक्ट्रिक सिटी बस सर्विस की भी सौगात मिलेगी। जो जल्द शुरू की जाएगी।मंत्री असीम गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार की हैप्पी स्कीम अंत्योदय की अनूठी योजना है।
एक लाख रुपये तक की आय वाला कोई भी व्यक्ति आवेदन कर सकता है। परिवार के सभी सदस्यों का कार्ड बनेगा और एक हजार किलोमीटर मुफ्त सफर कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस स्कीम पर सरकार 600 करोड़ रुपये खर्च वहन करेगी। अंबाला में इस योजना के लिए अभी तक 35 हजार लोगों ने आवेदन किया है।
स्टेट कैरिज पॉलिसी में देंगे नए परमिट
परिवहन विभाग के प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क ने कहा कि हरियाणा सरकार ने अपने बेड़े में नई बसों को जोड़ा है। पिछले डेढ़ साल में 1800 नई बसें खरीदी हैं। अगले दो महीने में और बसें खरीदी जाएंगी। पहले दिल्ली से चंडीगढ़ के बीच एसी बस चलती थी लेकिन अब हरियाणा रोडवेज की एसी बस प्रत्येक डिपो से चल रही हैं।
150 और एसी बसों का टेंडर लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि स्टेट कैरिज पॉलिसी में नए परमिट दिए जाएंगे। जो लोग अपना रूट बनाना चाहते हैं उन्हें कुछ नियमों के तहत रूरल परमिट स्कीम के तहत परमिट दिए जाएंगे। इसके अलावा सामान्य श्रेणी के नए परमिट भी जारी किए जाएंगे।