अंबाला सिटी। अंबाला लोकसभा चुनाव में भाजपा का सीधा मुकाबला कांग्रेस से है। दोनों में कांटे की टक्कर है। इस बीच पीएम मोदी की एंट्री से चुनावी समीकरण बदल सकते हैं।
वह मजबूत सरकार का विजन दिखाकर कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ा गए हैं साथ ही भाजपा उम्मीदवार बंतो कटारिया के लिए वोट मांगकर उनके लिए चुनावी जमीन तैयार कर गए हैं। पीएम मोदी को देखकर भीड़ से उठे मोदी-मोदी के नारों से कार्यकर्ताओं का उत्साह पता लग रहा था। पसीने छुड़ा देने वाली गर्मी में 43.9 डिग्री तापमान में पंडाल के नीचे खड़े बुजुर्ग, युवा और महिलाएं मोदी को देखकर गदगद हो गए।
रैली में लोकसभा के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों से लोग आए थे। इलाके के सभी कद्दावर नेताओं ने भी मंच पर एकजुटता का संदेश दिया। गौरतलब है कि भाजपा ने पिछले लोस चुनाव में अंबाला की सभी विधानसभाओं में कांग्रेस को चारों खाने चित्त किया था मगर इस बार सरकार में बदलाव, भाजपा नेताओं में एकजुटता न दिखना और किसान आंदोलन का प्रभाव भाजपा के समीकरणों को बिगाड़ रहा था।
धार्मिक दृष्टि से भी साधा
जब पीएम ने अपना उद्बोधन शुरू किया तो सबसे पहले मां अंबिका, माता मनसा देवी और माता गुजरी कौर का जिक्र किया। मां अंबिका के नाम से अंबाला को पहचाना जाता है तो लखनौर साहिब में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का ननिहाल है। वहीं, पंचकूला में माता मनसा देवी के अंबाला ही नहीं बल्कि देश-विदेश में भक्त हैं। ऐसे में इस कथन से धार्मिक रूप से अंबाला लोकसभा के सभी मतदाताओं को पीएम मोदी ने छूने का प्रयास किया। इसके साथ ही किसानों का विरोध भाजपा प्रत्याशी को जगह जगह देखने को मिल रहा था, ऐसे में पीएम ने किसानों को सरकार द्वारा दी जाने वाली योजनाओं की तुलना जब कांग्रेस के कार्यकाल से की तो हर कोई हैरान रह गया। यहां तक कि उन्होंने लोगों से खेती किसानी से जुड़े आंकड़ों को याद करने को भी कहा, जिससे कि वह आगे भाजपा का विरोध कर रहे लोगों को बता सकें।
कनेक्टिविटी और इंडस्ट्रीज से बढ़ाया मान
पीएम ने लोगों को याद दिलाया कि अंबाला से दिल्ली को जोड़ने के लिए बेहतर सड़क कनेक्टिविटी है। इसके साथ ही जल्द ही अंबाला से देश के अन्य शहरों के लिए उड़ान शुरू होगी। पीएम ने अंबाला को उत्तर भारत का सबसे बड़ा उद्योग केंद्र भी बताया। इन तीनों बातों से वह लोगों को यह संदेश देने की कोशिश करते दिखाई दिए कि विकास के पैमाने पर अंबाला को उनकी डबल इंजन की सरकार ने एक नई दिशा दी है। इस उद्बोधन से भी एक सकारात्मक संदेश मिला है जो चुनाव में भाजपा के लिए रामबाण बन सकता है।
राफेल से गर्व कराया याद
अंबाला वायु सेना और भारतीय सेना का अहम केंद्र है। यहां पर पूर्व सैनिक और सैनिकों के हजारों परिवार बसते हैं। इसके अलावा अंबाला में राफेल की तैनाती भी लोगों को गर्व का अहसास कराती है। इसी बात को भुनाते पीएम ने कहा कि अंबाला के आसमान से जब राफेल गुजरता है तो गर्व होता है या नहीं.. इस पर लोगों ने चिल्लाते हुए कहा कि गर्व होता है। ऐसे में पीएम मोदी ने लोगों में देशभक्ति की भावना को जगाने का काम किया। इसके साथ ही कांग्रेस के कार्यकाल में सेना खरीद में घोटालों को जिक्र कर लोगों को मोदी अहसास करा गए कि उनके लिए देश सर्वोपरि है। ऐसे में पीएम को लोगों को उनकी देश के प्रति भक्ति का अहसास कराना निश्चित तौर पर भाजपा को फायदा पहुंचा सकता है।