अंबाला। दुकान में बैठे दुकानदार से नकाबपोश बदमाश द्वारा पिस्तौल तानकर रुपये मांगने का मामला सामने आया है। रुपये न मिलने पर आरोपी बदमाश दुकान से बाइक छीन बाइक लेकर फरार हो गए। पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज किया है।
थाना नारायणगढ़ पुलिस को दी शिकायत में नारायणगढ़ के सेक्टर चार हुड्डा निवासी पुनीत कुमार ने बताया कि नागरिक अस्पताल के पास उसकी शिवा फ्लोर मिल्स के नाम से दुकान है। दोपहर करीब डेढ़ बजे वह दुकान पर बैठा था। इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। दोनों की बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी। इसके कारण बाइक का नंबर दिखाई नहीं दे रहा था। दोनों युवकों में से पीछे बैठा युवक बाइक से उतरा और उसकी दुकान के केबिन में आ गया। युवक ने जेब से पिस्तौल निकाली और उस पर तानते हुए बोला कि उसके पास जो भी रुपया है वह दे दे। इस पर उसने रुपये होने से इंकार कर दिया। नकाबपोश ने उसके हाथ में बाइक की चाबी देखकर उसके हाथ से जबरदस्ती चाबी छीन ली। यह देखकर दुकानदार डर गया और दूसरे दरवाजे से बाहर निकलकर भाग गया।