माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी शैली चौधरी और उनके पति कांग्रेस में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राम किशन गुर्जर की अचल संपत्ति बीते पांच वर्षों में काफी बढ़ गई है। उनकी अचल संपत्ति में 54 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
इसमें से कुछ संपत्ति फरीदाबाद और पंचकूला में है तो कुछ करनाल में हैं। इन पर कोई आपराधिक केस नहीं है। इसमें से कुछ संपत्ति फरीदाबाद और पंचकूला में है तो कुछ करनाल में हैं। इन पर कोई आपराधिक केस नहीं है। वहीं अंबाला सिटी से आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी पारुल नागपाल के पास 1.30 लाख रुपये नकद और 15.47 लाख रुपये से अधिक उनके पास बैंक डिपॉजिट के रूप में चल संपत्ति है।
इसके अलावा उनके नाम कोई अचल संपत्ति नहीं है। उनके ऊपर कोई आपराधिक मामला भी दर्ज नहीं है। कांग्रेस प्रत्याशी और विधायक शैली चौधरी की ओर से दिए हलफनामे पर गौर करें तो वर्ष 2019 में उनके पास 1.90 लाख रुपये नकद थे इस बार के हलफनामे में उन्होंने 1.95 लाख रुपये नकद दिखाए हैं। वहीं वर्ष 2019 में उनकी चल संपत्ति 2 करोड़ 39 लाख 50 हजार 258 रुपये थी जोकि अब 2 करोड़ 96 लाख 87 हजार रुपये से अधिक है।
वाहनों की बात करें तो पांच वर्ष पहले विधायक शैली चौधरी के नाम कोई वाहन नहीं था। मगर इस बार उनके पास 35 लाख रुपये कीमत की फार्च्यूनर गाड़ी और उनके उनके पति रामकिशन गुर्जर के पास 60 लाख रुपये की फार्च्यूनर व इनोवा गाड़ी है। इसी प्रकार शैली चौधरी के पास पूर्व में 16.06 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण थे, जबकि वर्तमान में 33.60 लाख रुपये के आभूषण उनके पास हैं। वहीं उनके पति के पास वर्ष 2019 में 7.14 लाख रुपये के आभूषण थे जबकि वर्तमान में 21 लाख रुपये के सोने के आभूषण हैं। वहीं अचल संपत्ति को देखें तो वर्ष 2019 में शैली चौधरी के पास 4.50 करोड़ रुपये व पति के पास साढ़े 11 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति थी, जबकि वर्तमान में शैली चौधरी के पास साढ़े 37 करोड़ रुपये व पति के पास 32.50 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।