नारायणगढ़। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान हुसैनी रोड स्थित आश्रम में आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी हेमसुदा भारती और रेनू भारती ने गुरु भक्ति की महिमा का बखान किया।
उन्होंने कहा कि जिस हृदय में गुरु भक्ति प्रकट हो जाती है, वह परम पावन हो जाता है, उसे ज्ञान के मार्ग पर चलते हुए गुरुदेव की आज्ञाओं पर भी चलना पड़ता है। उसे विचार, वैराग्य, और अनुराग के मार्ग पर चलकर आत्मा को परमात्मा की ओर लेकर जाता है। गुरु अपने शिष्य के भीतर छिपे गुणों का संचार करने के लिए साम, दाम, दंड भेद हर तरह से उसके अवगुणों पर प्रहार करते हैं।
गुरु की भक्ति करने वाले भक्त को गुरु के अनुसार चलना पड़ता है, गुरु उसकी इच्छाएं पूर्ण नहीं करते, बल्कि उनकी सभी इच्छाओं को समाप्त कर देते हैं जो सांसारिक बंधन का कारण बनती हैं। गुरु भक्ति एक भक्त की वह सर्वश्रेष्ठ अवस्था है, जो तभी प्राप्त हो सकती हैं, जब वह अपना अहंकार छोड़कर उस दिव्य सत्ता परमात्मा के साकार स्वरूप के चरणों में समर्पण करता है।
उन्होंने बताया कि त्रेता युग में भगवान राम की मृत्यु निकट थी, तब भगवान राम हनुमान को बैकुंठ धाम ले जाना चाहते थे, तब हनुमान ने राम से पूछा क्या आप बैकुंठ में होंगे तो भगवान राम ने कहा कि मैं स्वयं भगवान राम के रूप में नहीं रहूंगा, लेकिन मैं भगवान महाविष्णु के रूप में वहां रहूंगा। तब हनुमान ने उत्तर दिया मैं ऐसी जगह नहीं जाऊंगा, जहां भगवान राम नहीं है, मैं आपके नाम का ध्यान करता रहूंगा। आज भी एक रिवाज है, जहां भगवान राम का नाम भक्ति और श्रद्धा के साथ लिया जाता है, उस स्थान पर हनुमान बैठे होंगे। सत्संग के बाद श्रद्धालुओं ने लंगर का प्रसाद भी ग्रहण किया।