फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambala News: पार्षदों के हंगामे की भेंट चढ़ा शहर का विकास

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबाला सिटी। नगर निगम हाउस की बैठक में शुरू होने से पहले ही हंगामा हो गया। पहले पार्षदों ने माइक न चलने पर निगम अधिकारियों को घेरा। इसके बाद गंदे पीने के पानी और गिलास को लेकर भी माहौल गर्म कर दिया। पार्षदों ने हाउस बैठक एजेंडाें में शहर से जुड़े अहम मुद्दों बेसहारा गोवंश, स्ट्रीट लाइट, एनडीसी, प्रॉपर्टी आईडी को शामिल न करने पर हंगामा किया। पिछली बैठक में पारित प्रस्ताव निगम अधिकारियों ने बैठक में रखा तो इस पर भाजपा व हजपा पार्षद आमने-सामने हो गए।
विज्ञापन

पार्षदों ने एक-दूसरे पर विकास में रोडे़ अटकाने के आरोप-प्रत्यारोप लगाए। भाजपा व कांग्रेस पार्षदों ने पिछली बैठक में पास हुए प्रस्तावों पर वोटिंग करवाने के लिए कहा। पार्षदों ने कहा कि पिछली बैठक में प्रस्ताव को उनकी गैरहाजिरी में पास किया गया। उनको वोटिंग करने का अधिकार है। उनके साथ धक्काशाही की जा रही है।
जब कांग्रेस पार्षद मिथुन वर्मा एक्ट का हवाला देते हुए वोटिंग करने पर अड़ गए तो मेयर ने उनको हाउस से बाहर निकालने के लिए चेतावनी दी। इस पर भाजपा पार्षदों ने वर्मा का समर्थन किया और उनकी सीट पर आकर सभी खड़े हो गए। आखिर में मेयर शक्तिरानी शर्मा ने कहा कि इसको लेकर उच्च अथॉरिटी से बात की जाएगी। इसके उपरांत मेयर ने बैठक वहीं समाप्त कर दी। वहीं, बैठक में एक-एक करोड़ के विकास कार्यों को लेकर भी पार्षद आमने-सामने हो गए। एक करोड़ में से बचे 75-75 लाख के कार्य शुरू करने के लिए निगम अधिकारियों ने 31 दिसंबर तक का समय मांगा।
विज्ञापन

पार्षद टोनी बोले- लोगों को कुत्ते नोच रहे, निगम चुप बैठा
वार्ड-4 पार्षद विजय चौधरी टोनी ने कहा कि एजेंडा में ऐसे मुद्दे शामिल किए गए हैं, जिन पर चर्चा करने की कोई जरूरत नहीं है। एजेंडा में आवारा कुत्ते, बेसहारा गोवंश, प्रॉपर्टी आईडी, एनडीसी पर चर्चा करने की जरूरत है। उनके बारे में कोई निगम अधिकारी बात नहीं कर रहा। शहर में पिटबुल समेत कई नस्ल के कुत्तों को बैन किया जाना चाहिए।
शहर में रोजाना स्ट्रीट डॉग लोगों को नोच रहे हैं। अभी तक निगम ने कुछ नहीं किया। चौधरी ने बैठक में हजपा पार्टी के घोषणा पत्र की प्रतियां भी दिखाई। इसमें पार्टी ने निगम में दो हजार नौकरियां देने का वायदा किया था। टोनी बैठक में स्ट्रीट लाइट जैसा छोटा लैंप, बेसहारा पशुओं के खिलौने, सिक्कों का बॉक्स लेकर पहुंचे। उन्होंने यह चीजें दिखाकर अधिकारियों को आइना दिखाया। टोनी चौधरी ने शायरी भी सुनाई। उन्होंने जमीन पर बैठकर भी अपनी नाराजगी प्रकट की।
प्रीति सूद बोली- निगम ने मुझे मिस्टर इंडिया बना दिया
वार्ड-20 पार्षद प्रीति सूद ने कहा कि वह पिछली बैठक में आई थी, मगर प्रोसिडिंग में उनका नाम ही नहीं लिखा गया। निगम ने उनको मिस्टर इंडिया बना दिया। उन्हें बैठक से ही गायब कर दिया। जिसने प्रोसिडिंग लिखी है, उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। सूद ने कहा कि उन्होंने स्ट्रीट लाइट का मुद्दा एजेंडा में शामिल करने के लिए दिया था, मगर शामिल नहीं किया गया।
पंप चोरी हो गया, निगम ने एफआईआर तक दर्ज नहीं करवाई
वार्ड-10 पार्षद मिथुन वर्मा ने विकास कार्य के लिए घर-घर से एफिडेविट लेने को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा। वर्मा ने कहा कि उनको एजेंडा भी एक्ट के अनुसार नहीं भेजा गया। पिछली बैठक में पारित प्रस्ताव का उन्होंने विरोध किया और एक्ट का हवाला देते हुए वोटिंग का अधिकार भी जताया। उन्होंने कहा कि वह निंदा प्रस्ताव लाते हैं तो सभी ने टेबल बजाया। वहीं पंप चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज न कराने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
कचरा प्रबंधन की अवैध वसूली से लोग त्रस्त
मनोनीत पार्षद संदीप सचदेवा ने बैठक में बताया कि कचरा प्रबंधन की अवैध वसूली से लोग त्रस्त हैं। इस मुद्दे को एजेंडा में शामिल क्यों नहीं किया गया। हाउस का एजेंडा सब कमेटियों से क्यों नहीं लिखवाया जाता है। कचरा प्रबंधन टैक्स पर मेयर शक्तिरानी शर्मा ने कहा कि उनकी यूएलबी में बात हुई है कि इसी साल का टैक्स लेंगे, मगर लिखित में अभी नहीं आया है। सचदेवा ने कहा कि पिछली बैठक के मुद्दों में बहुत सी खामियां थी। जिस पर सभी पार्षदों ने एकमत होकर विरोध करने का निर्णय लिया। उस बैठक के मुद्दों का इस्तेमाल जनचेतना पार्टी ने अपने लिए किया, ताकि उनको झूठी वाहवाही मिल सके। इसी कारण उन्होंने इसका डटकर विरोध किया।
रेहड़ी-फड़ी की कमेटी न बनने पर चौधरी ने मांगा जवाब
मनोनीत पार्षद पूजा चौधरी ने कहा कि रेहड़ी-फड़ी मार्केट को जगह देने के लिए कमेटी बननी थी, वह अभी तक नहीं बनी है। यह कमेटी एक सप्ताह में बननी थी। इस पर डीएमसी ने कहा कि इसको लेकर आरओ नियुक्त कर दिया है, वही तय करेंगे। पूजा चौधरी ने कहा कि आपके पास कमेटी बनाने का भी समय नहीं है। वहीं पार्षद मनीष आनंद ने कहा कि अभी तक फॉगिंग मशीन भी नहीं खरीदी गई। स्ट्रीट लाइट पर भी उन्होंने घेरा। कहा कि पहली बार अंबाला में काली दिवाली मनाई गई। हर वार्ड में स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। गुरुपर्व पर प्रभातफेरी निकल रही है। अंधेरा होने से दिक्कत आती है। वहीं मोनिका मल ने इमरजेंसी बैठक बुलाने पर कहा कि निगम लोगों के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
मेयर ने प्रोसिडिंग लेट होने पर डीएमसी से तलब किया जवाब
बैठक में मेयर शक्तिरानी शर्मा ने प्रोसिडिंग लेट होने पर डीएमसी दीपक सूरा से जवाब मांगा। मेयर ने डीएमसी से कहा कि उन्होंने पांच चिट्ठियां उनको लिखी। किसी भी चिट्ठी का जवाब उनको नहीं मिला। वहीं डीएमसी ने कहा कि सर्कुलेट न होने से डिले हुई। पार्षद मेघा गोयल ने कहा कि निगम के सफाई कर्मचारी डोर टू डोर कार्य कर रहे हैं। वार्ड में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। सफाई कर्मचारी कम हैं। मेयर ने इस पर सेनेटरी इंस्पेक्टर सुशील कुमार से जवाब मांगा। सुशील कुमार ने इस पर कार्रवाई करने के लिए कहा।
भाजपा पार्षद नहीं होने देना चाहते शहर का विकास : मेहता

नगर निगम के डिप्टी मेयर राजेश मेहता ने हाउस की बैठक से शहर को बड़ी उम्मीदें थी। यदि इस बैठक में एजेंडा पर सही तरह चर्चा होती तो शहर की जनता के हितों से जुडे कई काम पास हो सकते थे, लेकिन भाजपा पार्षदों ने ऐसा होने नहीं दिया। मेहता ने कहा कि सदन की बैठक में भाजपा पार्षदों ने जानबूझकर हंगामा किया। न एजेंडा पर चर्चा होने दी और न ही पास होने दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें