अंबाला। प्रदेशभर के पुलिस मुलाजिमों को अब महंगे दामों में वर्दी सिलानी नहीं पड़ेगी। केवल 1100 रुपये में पुलिस विभाग की तरफ से वर्दी उपलब्ध हो जाएगी। इससे फायदा ये होगा कि वर्दी का एक ही पैटर्न रहेगा और मुलाजिमों को अपने स्तर पर बाहर से अत्यधिक पैसे देकर सिलवाने से भी छुटकारा मिलेगा।
दरअसल, पुलिस विभाग की तरफ से पुलिस मुलाजिमों को वर्दी का भत्ता दिया जाता है और मुलाजिम अपने स्तर पर ही वर्दी सिलाते थे। ऐसे में खाकी वर्दी ही कई तरह की बन जाती थी। हल्का तो किसी का गाढ़ा रंग हो जाता था। जबकि इस वर्दी को सिलवाने में करीब ढाई हजार रुपये तक खर्च भी आ जाता था। बताया जाता है कि इसको लेकर हरियाणा की ही एक कंपनी को टेंडर दिया गया है। जो अलग-अलग शहरों की पुलिस लाइन में वर्दी के लिए आवेदन करने वाले मुलाजिमों का नाप लेंगी और निर्धारित समय के अनुसार पुलिस कैंटीन के जरिये ही उन्हें उपलब्ध करा देंगे।
पैसे जमा करने वालों की संख्या बढ़ी
उधर, पुलिस मुख्यालय से पत्र जारी होने के बाद अंबाला के भी पुलिस मुलाजिमों ने अंबाला सिटी पुलिस लाइन में संबंधित कार्यालय में वर्दी के लिए पैसे जमा करवाने शुरू कर दिए है। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों को भी निर्देश दिए गए है। अभी तो पैसे जमा हो रहे हैं और जल्द ही वर्दी मिल जाएगी। उधर, विभाग की तरफ से वर्दी तैयार करने पर बाजारों में फर्जी वर्दी बनने पर भी रोक लगेगी। पहले तो कोई भी आसानी से कपड़ा देकर अपने लिए पुलिस की वर्दी बनवा लेता था।
वर्जन
मुख्यालय से पत्र जारी हुआ है और 1100 रुपये में वर्दी उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके लिए मुलाजिम अंबाला सिटी पुलिस लाइन में ही संबंधित कार्यालय में पैसे जमा और माप देकर आ रहे हैं।
-इंस्पेक्टर रामपाल, थाना प्रभारी नारायणगढ़