फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambala News: निगम बेबस और गंदगी से अटा शहर

Fri, 02 Feb 2024 03:37 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अंबाला
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

अंबाला सिटी। शहर में गंदगी का मुद्दा नगर निगम अफसरों के लिए गले की फांस बना हुआ है। निगम के पास इस संदर्भ में लगातार शिकायतें आ रही हैं जबकि इस बाबत कोर्ट में भी एक केस विचाराधीन है। इसके बावजूद गंदगी से शहर का हाल बुरा है। जहां-तहां पसरा कचरा और कूड़े के ढेर के चलते लोग भी खासे परेशान है। जन प्रतिनिधियों का कहना है कि वे इस बाबत कई बार मुद्दा नगर निगम की सदन की बैठक में उठा चुके हैं मगर इस बारे में निगम के अफसर कोई सुनवाई नहीं करते। निगम के अफसर भी संसाधनों की कमी के चलते इस समस्या के समाधान पर बेबस दिख रहे हैं।
उधर कई कर्मचारियों की कूड़ा उठाने वाली रेहड़ियां भी टूटी हुई हैं। निगम अभी तक नई रेहड़ियां खरीदने की प्रक्रिया को पूरा नहीं किया। यही नहीं सफाई व्यवस्था को लेकर कोर्ट में भी एक याचिका विचाराधीन है। इस मामले में अगली सुनवाई सात फरवरी को होनी है। नगर निगम अधिकारियों का तर्क है कि शहर में सफाई को लेकर निगम कार्य कर रहा है, हालांकि इसके बाद भी शहर में विभिन्न जगहों पर कचरा पसरा पड़ा है। इस समस्या से निपटना निगम के लिए चुनौती बन गया है।
विज्ञापन

उधर शहर के अलग-अलग जगहों पर सफाई की व्यवस्था न होने पर शहर के पार्षद और स्थानीय लोग इस बारे में निगम अधिकारियों को लगातार शिकायतें भेज रहे हैं। पार्षद भी निगम अधिकारियों व कर्मचारियों को बार-बार सफाई व्यवस्था ठीक करने के लिए गुहार लगा रहे हैं। इसके बाद भी शहर में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है।
सबसे ज्यादा इन स्थानों पर गंदगी से लोगों को हो रही परेशानी
शहर के विकास विहार मार्केट में कूड़ा गिराया जाता है। यहां सुबह और शाम कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। गुरुवार शाम को भी यहां कूड़ा पड़ा था। बेसहारा गोवंश इस कूड़े के बीच में ही बैठे रहते हैं और गोवंश इस कूड़े को वहीं बिखेर देते हैं। शहर का यह प्वाइंट इसलिए भी मुख्य है, क्योंकि यह शहर की मुख्य मार्केट में से एक है और यहां से शहर का ट्रैफिक गुजरता है।
शहर के रेलवे रोड के पास नदी मोहल्ला सड़क के मोड़ पर अकसर कूड़ा सड़क पर ही बिखरा रहता है। यहां सुबह में भी काफी देर तक कूड़ा नहीं उठता। बेसहारा गोवंश का यहां जमावड़ा लगा रहता है। कई बार यहां लोगों को भी बेसहारा गोवंश टक्कर मार चुके हैं। यहां सड़क भी कम चौड़ी है। जिससे कूड़ा बिखरा होने पर लोगों को निकलने में भी परेशानी होती है।
शहर के अंबाला क्लब के बाहर भी लोग कूड़ा गिराते हैं। यह गुरुवार दोपहर में भी कूड़ा जमा था और आवारा पशु कूड़े के बीच में ही बैठे थे। यह भी शहर का मुख्य प्वाइंट है, जहां से शहर का ट्रैफिक गुजरता है।
शहर के रोडवेज वर्कशॉप के पीछे नगर निगम के कर्मचारी कूड़ा गिराते है। यहां रोजाना गंदगी जमा रहती है। यहां भी बेसहारा गोवंश का जमावड़ा लगा रहता है। अंबाला-हिसार रोड, अंबाला-चंडीगढ़ रोड पर भी सफाई न होने को लेकर परेशानी रहती है।


कोर्ट में भी डाली गई है याचिका

शहर में सफाई व्यवस्था न होने को लेकर कोर्ट में भी याचिका डाली गई है। अभी इसकी सुनवाई चल रही है। इससे पूर्व कोर्ट ने नगर निगम की गाड़ियां भी अटैच कर दी थी। वहीं, कोर्ट में अगली सुनवाई सात फरवरी को होनी है। सफाई व्यवस्था को लेकर बीते माह कमेटी ने भी कई प्वाइंट को चेक किया था और शहर के इन प्वाइंट पर गंदगी मिली थी। इसके बाद मुख्यमंत्री उड़न दस्ता ने भी शहर में सफाई को लेकर निरीक्षण किया था मगर इस टीम को भी शहर में गंदगी मिली थी। तब अधिकारियों ने शहर को साफ करने के लिए सेनिटेशन ब्रांच को निर्देश दिए थे मगर अभी तक सफाई व्यवस्था वैसी ही है।
विज्ञापन

शहर में कई जगहों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। यह उनके संज्ञान में भी आया है। उन्होंने संयुक्त आयुक्त और सेनिटेशन ब्रांच को निर्देश दिए है कि शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करवाया जाए और जहां भी सफाई व्यवस्था को लेकर ज्यादा दिक्कत आ रही है, वहां पर चालान किए जाएं। जल्द ही सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करवाया जाएगा। - डॉ. संगीता तेतरवाल, आयुक्त, नगर निगम।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें