अंबाला सिटी। वामन द्वादशी का तीन दिवसीय मेला 24 से शुरू हो जाएगा। इससे पहले इस बार वामन भगवान की पांच फुट मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा भी की जाएगी। शहर के तंदूरा बाजार के नौरियान मंदिर में 19 सितंबर से पांच दिन तक मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पहले दिन जलाभिषेक कर मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। ये कार्यक्रम सुबह 7 से 10 बजे तक होगा। इन कार्यक्रमों में हर दिन श्री सनातन धर्म सभा का सदस्य मुख्य यजमान के रूप में शामिल होंगे। ये जानकारी श्री सनातन धर्म सभा के प्रधान एवं मेला संयोजक नरेश अग्रवाल ने दी।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय मेले का आयोजन 24, 25 व 26 सितंबर को किया जाएगा। मंदिर में मंगलवार को जलाभिषेक से प्राण-प्रतिष्ठा होगी। इसके बाद 24 सितंबर को शोभायात्रा के रूप में मूर्ति को लेकर आएंगे। बड़ा ठाकुरद्वारा से पहला हिंडौला उठेगा, वहीं से मूर्ति भी शोभायात्रा के साथ शामिल की जाएगी। पुरानी अनाज मंडी में मूर्ति को भी हिंड़ौलों के साथ दो दिन दर्शन के लिए रखा जाएगा। ये मूर्ति जयपुर से मंगवाई गई है। 26 सितंबर को मूर्ति की स्थापना की जाएगी।
इस बार मेले में 5 मशहूर बैंड शोभायात्रा में पहुंचेंगे
सबसे ज्यादा आकर्षक का केंद्र जबलपुर का श्री श्याम अंतरराष्ट्रीय बैंड रहेगा। ये बैंड धार्मिक और देशभक्ति की धुन बजाएगा। इसके अलावा आगरा, दिल्ली, गुरुग्राम और अंबाला के बैंड भी मेले में अपनी प्रस्तुति देंगे। मेले में 9 झांकियां होगी। शोभायात्रा में हिंडौलों के आगे पानीपत की कीर्तन मंडली कीर्तन करेगी।
-
गायक हेमंत बृजवासी भी बढ़ाएंगे मेले की शोभा
श्री सनातन धर्म सभा प्रधान एवं मेला संयोजक नरेश अग्रवाल ने बताया कि 24 सितंबर की रात को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें मशहूर गायक हेमंत बृजवासी भजनों की प्रस्तुति देंगे। 25 सितंबर को श्रद्धालु हिंडौलों के दर्शन करेंगे और 25 सितंबर रात को ही आतिशबाजी होगी। आतिशबाजी के लिए सहारनपुर से कलाकार आएंगे। इसी दिन कार्यक्रम में वृंदावन की वंदना भजनों से प्रभु महिमा का गुणगान करेंगी। कार्यक्रम में रासलीला का आयोजन किया जाएगा और फूलों की होली खेली जाएगी।