सेक्टर-7 नीलकंठ मंदिर में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल जिला कार्यालय में प्रैस वार्ता में जान
अंबाला सिटी। सेक्टर-7 नीलकंठ मंदिर में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने अपने जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता की। इस मौके पर दल की ओर से सेक्टर-7 के नजदीक पीर पर अतिक्रमण मामले में गठित पांच सदस्य कमेटी के सदस्य जिला संगठन मंत्री महेंद्र शर्मा, जिला सह मंत्री संजय बत्रा, कारसेवक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप सचदेवा, जिला बजरंग दल संयोजक यश प्रकाश और राकेश खन्ना ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि 4 नवंबर को ज्ञापन देने के बाद 12 नवंबर को संगठन ने अंबाला-हिसार राज्य मार्ग को बंद किया था। एसडीएम दर्शन कुमार के आश्वासन देने पर राज्य मार्ग को खोला गया था। कोर्ट की कार्रवाई के उपरांत 19 नवंबर को दोपहर बाद पीर पर अतिक्रमण हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई से असंतुष्ट विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने 22 नवंबर को नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा था कि यदि पीर पर 15 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन दोबारा सड़कों पर उतरेगा और सड़कें तभी खुलेगी जब कार्रवाई पूरी होगी। जिला संगठन मंत्री महेंद्र ने बताया कि यदि 9 दिसंबर शाम 6 बजे तक नगर आयुक्त ने पीर से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी नहीं की तो बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता नगर निगम आयुक्त का कार्यालय में घेराव करेंगे। निगम आयुक्त के कार्यालय के बाहर डेरा लगाकर उन्हें ऑफिस अरेस्ट किया जाएगा।