अंबाला सिटी। नगर निगम ने बीते वर्ष आई बाढ़ से सबक लिया है। अब नगर निगम बरसाती सीजन को देखते हुए शहर के नालों की सफाई कराने की तैयारी कर रहा है। निगम ने पहले जहां शहर के करीब 90 बड़े नालों और तीन बड़ी ड्रेन की सफाई के लिए एजेंसी को काम दिया था।
अब पार्षदों और सेक्टरवासियों की मांग पर वार्डों से गुजर रहे छोटे नालों की सफाई भी की जाएगी। निगम ने इसके लिए सेक्टर और काॅलोनियों के नालों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है ताकि बरसाती सीजन की सफाई के दौरान इन नालों की सफाई भी हो सके।
बता दें कि बीते वर्ष बाढ़ आने से एजेंसी सही तरीके से शहर के नालों की सफाई नहीं कर पाई थी। इससे काफी हंगामा हुआ था। निगम अधिकारी सिर्फ बरसाती सीजन के समय ही सफाई कराने पर घिर गए थे। अब यह सफाई बरसातों से पहले ही की जाएगी। पार्षदों की यह भी मांग है कि सिर्फ बरसाती सीजन के दौरान ही नहीं, बल्कि साल भर नालों की सफाई करवाई जाए।
पानी भरने से घरों में भर गया था पानी
दरअसल, बरसाती सीजन में बीते वर्ष बाढ़ आने से शहर में जलभराव होने से लोगों का काफी नुकसान हुआ था। जिससे लोगों का घरों का सामान भी खराब हो गया था और लोगों को काफी नुकसान भी झेलना पड़ा था। इस वर्ष बरसाती सीजन में ऐसा न हो, इसको लेकर रेसिडेंट सोशल कल्चरल एवं वेलफेयर सोसाइटी सेक्टर-7 प्रधान अधिवक्ता संदीप सचदेवा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त डॉ. संगीता तेतरवाल से मुलाकात की थी। निगम आयुक्त के निर्देश के बाद अब शहर के नालों की सूची सेनिटेशन ब्रांच तैयार कर रही है।
मांग : सेक्टर और कॉलोनियों के नाले भी हों साफ
रेसिडेंट सोशल कल्चरल और वेलफेयर सोसाइटी सेक्टर-7 प्रधान अधिवक्ता संदीप सचदेवा ने बताया कि नगर निगम शहर के मुख्य नालों की सफाई के लिए निविदा लगाता है, मगर सेक्टर और कॉलोनियों के अंदर से मुख्य नालों तक आने वाले नालों की सफाई नहीं कराई जाती है। इन नालों को निविदा में शामिल नहीं किया जाता। अभी यह नाले बंद पड़े हैं। जिससे पानी की निकासी नहीं होती। उनकी मांग है कि शहर के सेक्टर-1, 7, 8, 9, 10 व कॉलोनियों के अंदर के नालों को भी निविदा में शामिल किया जाए ताकि इस नालों की भी ठेकेदार द्वारा सफाई की जा सके। लोगों को पिछले वर्ष की तरह बरसाती पानी की निकासी न होने से परेशानी न झेलनी पड़े। पुलिस लाइन, पुराना सेशन कोर्ट समेत अन्य कई नाले वी शेप में चल रहे हैं, इन नालों को गहरा कर यू शेप में करना चाहिए ताकि आसानी से उनकी सफाई हो सके। सभी वार्डों में इलाका पार्षदों से भी निविदा लगाने के दौरान विचार विमर्श किया जाए।
वर्जन
पार्षदों से उनके एरिया के नालों की सूची मांगी गई है ताकि निविदा लगवाकर बरसाती सीजन से पहले उनको साफ करवाया जा सके। पहले शहर में तीन बड़ी ड्रेन व करीब 90 नालों की सफाई के लिए निविदा लगाई गई थी।
मुकेश कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर निगम अंबाला शहर।