अंबाला। अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित शास्त्री कॉलोनी के पास ट्रक से लोहे का एंगल गिर गया। इस कारण पीछे आ रही कार चालक ने ब्रेक लगाए तो तेज रफ्तार में आ रही करीब पांच कारें एक के बाद एक पीछे टकरा गई। हादसे में जानमाल का नुकसान नहीं हुआ लेकिन सभी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण अंबाला-दिल्ली हाईवे का यातायात प्रभावित हो गया। इलाका पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और बिगड़े यातायात को दुरुस्त करवाया। किसी भी कार चालक ने पुलिस कार्रवाई करवाने से इन्कार कर दिया।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर जगमाल ने बताया कि सभी गाड़ियों के इंश्योरेंस होने के कारण चालकों की तरफ से फिलहाल कोई शिकायत नहीं दी गई है। कार चालक योगेश ने बताया कि वह परिवार के साथ पंचकूला जा रहा था। अचानक सामने वाली कार चालक ने ब्रेक मारे तो उसकी गाड़ी भी अनियंत्रित होकर टकरा गई। इतने में कुछ समझ पाते कि पीछे से आ रही अन्य कार भी उनसे टकरा गई। देखते ही देखते कई गाड़ियों में भिड़ंत हो गई। गनीमत यह रही कि वह समय रहते कारों से बाहर आ गए।