अंबाला। जीरकपुर स्थित बैंक से छुट्टी कर घर आ रहे मैनेजर को अग्रसेन चौक पर हरियाणा रोडवेज बस के ड्राइवर ने रॉड से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर चंद्र मोहन के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। थाना सेक्टर 9 पुलिस को दी शिकायत में चेतन ओबरॉय ने बताया कि वह सेक्टर 9 शहर का निवासी है। वह एयू स्माल फाइनेंस बैंक जीरकपुर में फोर्ट फोलियो मैनेजर के पद पर कार्यरत है। वह बैंक से काम खत्म करके रात नौ बजे सिंह पुरा चौक जीरकपुर बस अड्डा पहुंचा। बस कंडक्टर से शहर की टिकट ली।
टिकट लेने के बाद उसने बस कंडक्टर को पॉलिटेक्निक चौक शहर उतारने के लिए बोला। कुछ समय बाद उसकी लग गई। जब आंख खुली तो बस पॉलिटेक्टिनक चौक से थोड़ा आगे निकल गई। उन्होंने ड्राइवर को बस रोकने के लिए बोला तो ड्राइवर ने कहा कि बस अग्रसेन चौक पर रुकेगी। उसने दोबारा बोला तो बस ड्राइवर ने उसके साथ गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। इसके बाद जब बस अग्रसेन चौक पर रुकी तो वह बस से उतरने लगा। उस समय बस ड्राइवर उसे भला-बुरा बोल रहा था।
इसके बाद वह ऑटो लेने के लिए जाने लगा तो बस ड्राइवर ने रॉड से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया और सड़क पर गिया गया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर अग्रसेन चौक पर खड़ी सवारियों ने उन्हें बस ड्राइवर से बचाया। इसके बाद ड्राइवर उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घायल मैनेजर को लोगों ने इलाज के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।