अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल में मंगलवार सुबह उस समय हंगामा हो गया जब सिक्योरिटी गार्ड ने एक रास्ते से एंट्री बंद होने के कारण तीमारदारों को वापस लौटा दिया। तैश में आए व्यक्ति व महिला ने अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी। करीब आधे तक जमकर हंगामा हुआ। इतने में तीमारदार की मरीज पत्नी नीचे आ गई और बहस के साथ हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। अस्पताल की पुलिस चौकी से मुलाजिम मौके पर पहुंचे और मामला शांत करवाया।
सिक्योरिटी गार्ड की तरफ से लिखित शिकायत इलाका पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की जांच की जाएगी। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से पहले सेफ हाउस बनाने की तैयारियां चल रही थी। इसके लिए आईपीडी ब्लॉक में पार्किंग की तरफ से जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया था। इतने में एक व्यक्ति निक्कू वार्ड में दाखिल अपने बच्चे के टेस्ट की पर्ची लेकर जाने लगा। सिक्योरिटी गार्ड ने यह रास्ता बंद होने के चलते दूसरे रास्ते से जाने को बोला। इसी बात को लेकर हंगामा हो गया।