अंबाला। लगभग 3.50 करोड़ की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग में लगने वाली लिफ्ट को लेकर सातवीं बार लगाया गया टेंडर सिरे चढ़ गया है। इसमें दो ठेकेदारों ने रूचि दिखाई है और दोनों के दस्तावेजों की जांच नगर परिषद ने शुरू कर दी है। इसके बाद उन्हें रेट कम करने के लिए कार्यालय बुलाया जाएगा और फाइनल कर ठेका दिया जाएगा।
आगामी सप्ताह में यह कार्य करने की उम्मीद नगर परिषद अधिकारियों ने जताई है। नप प्रशासक निर्मल नागर ने बताया कि पिछली बार तकनीकी खामी के कारण टेंडर की अप्रूवल नहीं मिली थी। मल्टीलेवल पार्किंग को तैयार हुए लगभग दो साल का समय बीत चुका है। इसके बावजूद लिफ्ट नहीं लग पाई है।
एक पैसेंजर और दो कार लिफ्ट
मल्टीलेवल पार्किंग में तीन लिफ्ट लगाई जाएंगी। इसमें एक लिफ्ट लोगों के लिए और दो कारों के लिए होंगी। लोगों के आवागमन के लिए लिफ्ट पार्किंग के मुख्यद्वार के नजदीक और वाहनों की लिफ्ट विजय रतन चौक के नजदीक होगी।
18.37 करोड़ में तैयार हुई पार्किंग
छावनी के सदर क्षेत्र में लगभग 18.37 करोड़ की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया गया है। पार्किंग तीन मंजिला बनाई गई है। पार्किंग में एक समय में 300 गाड़ियां खड़ीं हो सकेंगी। इसका निर्माण कार्य 2018 में शुरू किया गया था।