अंबाला। एक्साइज एरिया में दशकों से चली आ रही स्वामित्व संबंधी अनिश्चितता के खिलाफ आजाद अंबाला कैंपेन रविवार को भी जारी रहा। इसके तहत टीम चित्रा की नेत्री चित्रा सरवारा ने जन-अभियान को तेज कर दिया है। हनुमान मंदिर से शुरू हुए इस अभियान के दौरान उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने पीढ़ियों तक संपत्तियों पर जीवन खपाया, सरकारी शुल्क दिए, उन्हें पूर्ण कानूनी स्वामित्व देने में इतनी लंबी प्रतीक्षा क्यों कराई जा रही है। चित्रा सरवारा ने प्रस्तावित ड्राफ्ट पॉलिसी में कलेक्टर रेट के आधार पर 60 हजार से 72 हजार रुपये प्रति वर्ग गज तक के भारी शुल्क की आशंका पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने चेताया कि यदि फ्री-होल्ड की प्रक्रिया इतनी महंगी होगी, तो मध्यमवर्गीय और कमजोर परिवार इसका बोझ कैसे उठा पाएंगे।