अंबाला। छावनी के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एनएसएस शिविर में स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन के गुर सिखाए। राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवकों के लिए विभिन्न शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिविर के दौरान रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में होमगार्ड्स एवं सिविल डिफेंस के कंपनी कमांडर संजीव कुमार की ओर से आपदा प्रबंधन पर दिया गया व्याख्यान रहा। उन्होंने आपातकालीन स्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके बताए। इसके अतिरिक्त, डॉ. रोहिणी सिंह ने सरकारी योजनाओं और डॉ. लकी वर्मा ने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर जानकारी दी। वहीं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ. आनंद कुमार ने स्वयंसेवकों को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। डॉ. शक्ति ने विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता के बारे में बताया। इस अवसर पर डॉ. रणदीप सिंह, डॉ. पूनम धीमान सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। संवाद