अंबाला। रेलवे स्टेशन पर बाइक चोरी के शक में पकड़े दो युवक एसपीओ को चकमा देकर फरार हो गए। जीआरपी ने दोनों संदिग्धों के ठिकानों पर छापामारी शुरु कर दी है। वहीं, इस मामले में पंजाब पुलिस से भी सहयोग मांगा गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार दो जुलाई को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर तैनात लोको पायलट की बाइक चोरी हो गई थी।
लोको पायलट रत्नाकर वत्स ने आरोपियों को पकड़ने के लिए साथियों की मदद ली और जब वो दोनों दोबारा स्टेशन पर चोरी के मकसद से आए तो उन्हें शक के आधार पर पकड़कर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। हालांकि जीआरपी अभी उनसे चोरी के मामले को लेकर पूछताछ कर ही रही थी कि दो दिन पहले रात को वो दोनों संदिग्ध कमरे की कुंडी खोलकर फरार हो गए। इस मामले की जानकारी रेलवे एसपी तक पहुंच गई है। वहीं, लोको पायलट ने भी इस लापरवाही को लेकर बुधवार को साथियों सहित जीआरपी प्रभारी से मुलाकात की ताकि उनकी चोरी की गई बाइक मिल सके और आरोपियों की गिरफ्तारी हो सके।
बाइक चोरी के मामले में शक के आधार पर दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। लेकिन रात के समय एसपीओ की लापरवाही से दोनों कमरे की कुंडी खोलकर फरार हो गए। दोनों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें पंजाब पुलिस का भी सहयोग मांगा गया है।
धर्मवीर सिंह, प्रभारी जीआरपी अंबाला।