अंबाला। कोर्ट से जमानत पाने वाले बंदी तरसेम की जगह छोड़े गए हवालाती पंजाब निवासी सुखदीप उर्फ सुक्खा को करीब दो माह बाद भी पुलिस काबू नहीं कर पाई है। हालांकि इसको लेकर गृहमंत्री अनिल विज की तरफ से भी कार्रवाई के निर्देश दिए थे और जांच एजेंसियां भी आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस मामले ने बड़ी चूक को प्रदर्शित किया।
बलदेव नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बता दें कि गृहमंत्री अनिल विज के दरबार में इस मामले को तरसेम के परिजनों ने उजागर किया था और शिकायत सौंपते हुए मामले की जांच की मांग की थी। उसके बाद जेल प्रशासन भी हरकत में आया था और जेल डीएसपी को चार्जशीट के अलावा दो मुलाजिमों को कार्रवाई की थी। उधर, बलदेव नगर पुलिस ने भी गंभीरता से जांच शुरू कर दी थी। सेंट्रल जेल प्रशासन से उस समय की सारी सीसीटीवी फुटेज और उस दिन की एसटीडी कॉल का रिकॉर्ड तलब किया था। जबकि उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को भी समन जारी कर जांच में शामिल किया गया था। बता दें कि सेंट्रल जेल से दूसरे की जगह छोड़ा सुखदीप उर्फ सुक्खा पर स्नेचिंग, वसूली के प्रयास के कई मामले दर्ज हैं।