पल्लेदार मोहल्ला में एक किशोर छात्र ने शनिवार संदिग्ध परिस्थितियों में कुंडी से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जाता है कि किशोर ने अपने मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में फंदा लगाया था। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जिसके बाद परिजनों ने इलाका पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मृतक के पास से कोई भी सूसाइड नोट नहीं मिल पाया है और मृतक का कैंट सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक ग्यारहवीं कक्षा का छात्र है और सुबह के समय ट्यूशन पढ़ने के बाद वापस घर आया था। इस बीच वह खाना बोलकर तीसरी मंजिल पर बने कमरे में चला गया। जैसे ही उनकी माता जो कि रसोई में खाना तैयार कर रही थी, उन्होंने खाना खाने के लिए किशोर को आवाज लगाई तो जवाब नहीं आई। उसके बाद ऊपर कमरे में गई और कमरा अंदर से बंद होने के कारण बाहर से आवाज लगाने लगी। ऐसे में कमरे के अंदर से कोई जवाब न आने के कारण वह घबरा गई। जिसके बाद आनन-फानन में दूसरे बेटे को सीढ़ी लगाकर खिड़की से झांकने को कहा। जैसे ही बेटे ने सीढ़ी लगाकर झांका तो फंदे से लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत हिम्मत दिखाई हुए दरवाजा खोला और घटना की सूचना पुलिस को दी। परिजनों का कहना है कि मौत पूरे परिवार के लिए एक सदमा है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है।