अंबाला। सुभाष पार्क की दशा सुधारने के लिए नगर परिषद ने 50 लाख रुपये का ठेका जारी कर दिया है। संबंधित ठेकेदार ने भी तुरंत प्रभाव से कार्य शुरु कर दिया है। इसका असर अब सुभाष पार्क में नजर आ रहा है। पहले अंधेरे में डूबा रहने वाला पार्क अब रोशनी से जगमग हो रहा है।
पार्क की सभी फैंसी लाइट्स को ठेकेदार की ओर से नई तार डालकर दुरुस्त करवाया गया है, वहीं कुछ अन्य खामियों को भी जल्द ही दुरुस्त करने की तैयारी भी शुरु कर दी गई है। इसके अलावा पार्क में सुगंधित माहौल रखने के लिए 15 किस्म के लगभग 600 नए फूलदार पौधे रोपित किए गए हैं और इन्हें क्यारियों में लगाना भी शुरु कर दिया गया है ताकि इससे सुभाष पार्क की सुंदरता बढ़ सके और यहां आने वाले लोग आकर्षित हो सकें।
13 लाख से दुरुस्त होंगे रास्ते
बिजली के काम के बाद सुभाष पार्क के रास्तों को दुरुस्त करने का कार्य भी जल्द शुरु किया जाएगा। इस पर लगभग 13 लाख रुपये खर्च होंगे। इसमें पार्क के अंदर टूट चुकी टाइल्स को नए सिरे से लगाया जाएगा। इसके अलावा जहां भी छोटी-मोटी कोई खामी होगी तो वहां भी रिपेयर का कार्य करवाया जाएगा। इस दौरान साफ-सफाई को लेकर भी नगर परिषद द्वारा विशेष तौर पर कार्रवाई की जा रही है।
सुभाष पार्क में पिछले काफी समय से फैंसी लाइट्स बंद पड़ी थी। बाढ़ के कारण कई जगह बिजली की तारें खराब हो गई थी। इन सभी तारों को अब नए सिरे से डाला गया है। अधिकांश फैंसी लाइट्स पहले की तरह जल गई हैं जो थोड़ी-बहुत रह गई हैं, उन्हें भी जल्द ही दुरुस्त करवा दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य जो छोटी-मोटी खामियां हैं, उन्हें भी दूर कर दिया जाएगा।
मंदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता, नप सदर।