अंबाला। सुभाष नगर के राजकीय माध्यमिक स्कूल को डेहा कॉलोनी के सरकारी विद्यालय में स्थानांतरित किया जाएगा। इस संबंध में शिक्षा विभाग की तरफ से लिखित आदेश जारी किए हैं।
निर्देशा में बताया कि स्कूल की तरफ से भेजे पत्र को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में भेजा था, जिससे कि आगामी कार्रवाई हो सके। अब इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी अंबाला-2 की तरफ से स्कूल प्राचार्य को निर्देश जारी किए हैं। एक कॉपी बीआरसी कार्यालय के कनिष्ठ अभियंता को भी भेजकर निर्देशित किया है कि वो स्कूल का निरीक्षण करके इसे कंडम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू करें और नई इमारत के निर्माण के लिए अनुमानित लागत तैयार की जाए। गौरतलब है कि यह स्कूल पिछले लगभग 75 वर्ष से एक धर्मशाला में चल रहा है। धर्मशाला में एक तरफ माध्यमिक स्कूल है तो दूसरी तरफ प्राथमिक विद्यालय जोकि बच्चों की संख्या के हिसाब से काफी छोटा है।
पूर्व में तोड़े स्कूल भी बने
75 वर्ष पुराने स्कूलों को कंडम करने की तैयारी शिक्षा विभाग की ओर से की जा रही है। इसी कड़ी में अब सुभाष नगर के राजकीय माध्यमिक स्कूल को भी शामिल किया है। जबकि इससे पहले महेशनगर क्षेत्र में बने छबियाना के राजकीय स्कूल और सब्जी मंडी में सदर थाने के साथ बने राजकीय उच्च विद्यालय को तोड़ा था जोकि दोबारा नहीं बन पाए और इन्हें टूटे भी 10 वर्ष से अधिक का समय हो गया है। अब इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे दूसरे स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं।
वर्जन
स्कूल प्राचार्य की तरफ से पत्र मिला था कि इमारत की हालत काफी खस्ता है। इस पत्र को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के पास भेजा था। अब उनके निर्देश पर स्कूल को पत्र जारी किया है कि पूरा स्कूल अब डेहा बस्ती के राजकीय स्कूल में स्थानांतरित हो जाए। इस संबंध में नजदीकी आंगनबाड़ी और सामुदायिक केंद्रों में भी संपर्क किया था, लेकिन संबंधित विभाग ने इजाजत नहीं दी। अब इस इमारत को कंडम घोषित करने की प्रक्रिया बीआरसी की ओर से की जाएगी।
सुदेश कुमारी, खंड शिक्षा अधिकारी, अंबाला-2
वर्जन
खंड शिक्षा अधिकारी की तरफ से पत्र मिला है कि सुभाष नगर के राजकीय माध्यमिक विद्यालय का दौरा करके इसे कंडम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। आगामी एक या दो दिन में कनिष्ठ अभियंता को स्कूल में जाने के निर्देश दिए हैं। जो भी रिपोर्ट आएगी, उसके आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
राहुल भारद्वाज, एसडीओ डीपीसी, अंबाला।
अंबाला छावनी के सुभाष नगर में चल रहा राजकीय माध्यमिक विद्यालय। संवाद