संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सनातन धर्म कॉलेज में वार्षिक प्रतिभा अन्वेषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित विभिन्न मुकाबलों में विद्यार्थियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन कर वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. आषुतोश अंगिरस, डॉ. नवीन गुलाटी, प्रो. हररूप विर्क, डॉ. प्रेम सिंह, डॉ. परमजीत कौर, डॉ. जयदीप चौहान एवं डॉ. अलका शर्मा ने किया। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. आशुतोष अंगिरस ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में भाग लेना सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। इससे न केवल प्रतिभा में निखार आता है अपितु आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है। कॉलेज जन संपर्क अधिकारी डॉ. नवीन गुलाटी ने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों से ही हमारे कॉलेज की पहचान है।
सांस्कृतिक गतिविधियों की अधिष्ठाता डॉ. जयदीप चौहान ने बताया कि वाद्य वादन, गायन, मोनो एक्टिंग, मीमिक्री, नृत्य, कविता वाचन, भाषण, चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वाद्य वादन में तबला, ढोलक, ड्रम और गिटार पर प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति दी। गायन प्रतियोगिता में हिंदी, पंजाबी और अंग्रेजी भाषाओं में अपने मधुर स्वरों से समा को बांध दिया। मिमिक्री में सामाजिक कुरीतियों जैसे कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, दहेज प्रथा एव नारी शिक्षा जैसे विषयों पर अपनी बेजोड कला का परिचय दिया।
बीट बॉक्सिंग कार्यक्रम में आकर्षण का केन्द्र रहा
नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने राजस्थान के घूमर, महाराष्ट्र केलावणी, हरियाणा का हरियाणवी और तमिलनाडु के भारतनाट्यम में प्रस्तुती दी। डॉ. चौहान ने बताया कि निर्णायक मंडल की भूमिका प्रो. हररूप विर्क, प्रो. नीतू बक्शी, डॉ. परमजीत कौर, डॉ. निरवैर सिंह, डॉ. प्रेम सिंह, डॉ. लीना गोयल, प्रो. कवलीन आदि ने निभाई। संचालन प्रो. नीतू बक्शी एवं डॉ. जोगिंद्र रोहिला ने किया। विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं के विजेता
वाद्य वादन में प्रथम आर्यन, द्वितीय संदीप व तृतीय कुश रहे। गायन में प्रथम रजत, द्वितीय हरप्रीत व तृतीय मिशिका रही। मिमिक्री एवं मोनो एक्टिंग में प्रथम के कृष्णा, द्वितीय रितिक व तृतीय पलक रहीं। नृत्य में प्रथम सलोनी सिंह, द्वितीय साक्षी नागपाल व तृतीय लुभांशी रही। कविता वाचान में प्रथम तनु बिस्ला, द्वितीय गरिमा व तृतीय अंजली, भाषण प्रतियोगिता में प्रथम प्रियांशी गोयल, द्वितीय तनु बिस्ला व तृतीय अलीश रहे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम शिवांगी, द्वितीय लवप्रीत सिंह व तृतीय अनेशा और चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम शिवम सकपाल, द्वितीय रमनप्रीत कौर व तृतीय स्थान पर राम्या रहे।