शहजादपुर। मुख्यमंत्री उत्कृष्टता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सीएमईईई) कक्कड़ माजरा में सोमवार को ब्लॉक स्तरीय कला उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक महाकुंभ में खंड के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी अद्भुत कलात्मक व रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की सृजनात्मक क्षमता और सांस्कृतिक अभिरुचि को मंच प्रदान कर प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने संगीत, गायन, वादन, नृत्य, नाटक और दृश्य कला जैसी विभिन्न विधाओं में बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने अपनी कला के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और कई गंभीर सामाजिक संदेशों को बेहद सुंदर और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल की ओर से सभी प्रस्तुतियों का बारीकी से मूल्यांकन किया गया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विजेताओं को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय की प्राचार्या रेणु बाला और समस्त स्टाफ ने इस आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।