अंबाला सिटी। दसवीं के सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम में मिशन बुनियाद केंद्रों के बच्चों ने अपना लोहा मनवाया। जिले की बात करें तो अंबाला में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल नारायणगढ़ और राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल पुलिस लाइन में बुनियाद सेंटर चल रहे हैं।
इन केंद्रों के विद्यार्थियों ने परीक्षा परिणाम में शानदार अंक प्राप्त किए। मिशन बुनियाद कार्यक्रम के केंद्रों में जिले में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल नारायणगढ़ के विद्यार्थी रिषभ को 98.8 फीसदी के साथ जिले प्रथम रैंक मिला। इसी तरह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल पुलिस लाइन अंबाला शहर की नेहा को 92.2 फीसदी के साथ जिले में दूसरा रैंक मिला, जबकि राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल नारायणगढ़ के विद्यार्थी कार्तिक शर्मा को 91.8 फीसदी के साथ जिले में तृतीय रैंक मिला। प्रदेश के टॉप-11 की सूची में भी रिषभ ने पांचवें नंबर पर अपना कब्जा जमाया।
103 केंद्रों में पांच हजार ले रहे शिक्षा
बता दें कि 2022 में मिशन बुनियाद कार्यक्रम हरियाणा सरकार के शिक्षा विभाग के सौजन्य से विकल्प फाउंडेशन की ओर से हरियाणा के विभिन्न सरकारी स्कूलों में 51 केंद्रों के साथ शुरू किया गया था। जिसमें नौंवी और दसवीं कक्षा के बच्चों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। सरकार ने 2023 में केंद्रों की संख्या को बढ़ा दिया था और अब सरकारी स्कूलों में स्थित 103 केंद्रों में करीब 5 हजार बच्चे शिक्षा ग्रहण कर के उत्कृष्ट परिणाम ला रहे हैं। वहीं, आगामी सत्र के लिए मिशन बुनियाद के तीनों चरणों की परीक्षाएं प्रदेश में समाप्त हो चुकी हैं,और जल्द ही इस सत्र की कक्षा लगनी शुरू होगी।
पहले चल रहे दो केंद्र, अब तीन और चलेंगे
जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज ने बताया कि जिले में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल पुलिस लाइन अंबाला शहर व राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल नारायणगढ़ केंद्र चल रहे थे। इस सत्र से राजकीय स्कूल बकरा मार्केट, शहजादपुर और बराड़ा में भी मिशन बुनियाद केंद्र चलाए गए हैं। इनकी कुल संख्या दो से बढ़कर पांच हो गई है। हर केंद्र पर करीब 100 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यह बुनियाद मिशन का पहला बैच था। इसमें बच्चों ने बोर्ड परीक्षा दी थी।
वर्जन
मिशन बुनियाद कार्यक्रम का उद्देश्य सभी विषयों में बच्चों की नींव मजबूत करना और बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत करना है, जिससे कि भविष्य में यह बच्चे जिस भी क्षेत्र में जाएं, वह कामयाब हो पाएं। दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में विद्यार्थियों ने जिले का नाम प्रदेश में चमकाया है।
सुरेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला।
10वीं के बोर्ड परीक्षा-परिणाम में छा गए मिशन बुनियाद के बच्चे। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल नाराय
10वीं के बोर्ड परीक्षा-परिणाम में छा गए मिशन बुनियाद के बच्चे। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल नाराय