अंबाला। गांव खैरा में तेजरफ्तार बाइक सवार युवक ने सड़क क्राॅस कर रहे छात्र को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया तथा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना नग्गल पुलिस को दी शिकायत में खैरा निवासी सुखविंद्र कौर ने बताया कि उसका छह साल का बेटा मनकीरत सिंह व चार साल की बेटी मनबीर कौर स्कूल से आने के बाद घर व स्कूल के पास बने बाडे़ में खेलने गए थे। उसका बेटा मनकीरत सिंह सड़क क्राॅस कर रहा था इस दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने उसके बेटे को जोरदार टक्कर दे मारी। टक्कर लगने से उसका बेटा घायल हो गया। इसके बाद वह घायल बेटे को इलाज के लिए शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचे। जहां पर डाक्टर ने उसका उपचार शुरू किया। डाक्टर ने घायल मनकीरत की बिगड़ती हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई में रेफर कर दिया।