अंबाला। जिलाभर में चल रही खेल नर्सरियों में किसी प्रकार की ढिलाई पाई जाती है तो उनकी खैर नहीं। खेल विभाग नर्सरियों को लेकर गंभीर हो गया है। कहीं भी कोच या फिर खिलाड़ी नहीं मिलते हैं तो उसकी रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी और वहीं से कार्रवाई होगी। विभाग के निर्देशों को देखते हुए शुक्रवार को जिला खेल अधिकारी राम निवास ने निरीक्षण कर जायजा लिया।
स्टेडियम में चल रही जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो, कुश्ती, बॉक्सिंग, फुटबॉल आदि अकादमी का निरीक्षण कर जायजा लिया। वहीं खिलाड़ियों व कोच के साथ सेल्फी व अन्य फोटो ली। खुद ही सभी खेल नर्सरी के रजिस्टरों को भी जांचा। इनमें खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच की हाजिरी भी देखी। गैरहाजिर पाए गए तो उनके न आने का कारण भी पूछा। एक के बाद एक कर पांचों खेल नर्सरियों को जायजा लेते हुए कोचों को भी खिलाड़ियों की ओर खास ध्यान देने के लिए बोला, ताकि वह पदक हासिल कर अंबाला का नाम रोशन कर सके। पहले लंबे समय बाद निरीक्षण होता था, लेकिन अब विभाग की तरफ से सभी खेल नर्सरियों की समय-समय पर रिपोर्ट तलब की जा रही है।
रेजिडेंशियल अकादमी के शुरू होने का इंतजार
उधर, प्रदेशभर में रेजिडेंशियल अकादमी न खुलने का खिलाड़ियों को इंतजार है। फिर भी ट्रायल देने वाले नियमित तौर पर अभ्यास जारी रखे हुए हैं। सुबह व शाम को आने वाले खिलाडि़यों का कहना है कि वह प्रेक्टिस नहीं छोड़ सकते हैं। ऐसे में सीधा असर गेम पर पड़ेगा। इसलिए वह बिना किसी डाइट आदि सुविधाओं के भी प्रेक्टिस करते हैं। अंबाला में भी वेटलिफ्टिंग, स्वीमिंग सहित जिम्नास्टिक की अकादमी खुलनी है।
खेल नर्सरियों को लेकर विभाग पूरी तरह से गंभीर है। निरीक्षण करने के बाद कोच व खिलाड़ियों की पूरी रिपोर्ट फोटो सहित मुख्यालय भेजी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की कोई लापरवाही न बरती जाए।
-राम निवास, जिला खेल अधिकारी , खेल विभाग