अंबाला। छावनी के रेलवे स्टेशन पर लड़कियों का एक गिरोह सक्रिय है, जो प्रवासी मजदूरों को अपना निशाना बना रहा है। यह पहले तो उनको अपनी भावनात्मक कहानी सुनाती हैं, जब लोग इनके जाल में फंस जाते हैं तो उनसे रुपये ऐंठ लेती हैं। इस मामले की जानकारी जब अमर उजाला काे लगी तो टीम ने मौके पर जाकर दो दिन मामले की पड़ताल की और हकीकत उजागर की।
पहले दिन यह स्टेशन पर तीन संदिग्ध लड़कियां सक्रिय मिलीं जो अपना बातों में प्रवासी श्रमिकों को उलझा रही थी फिर उनसे रुपये भी एेंठ लिए। जानकारी पर पता चला कि पिछले लगभग 10 दिनों से यह सिलसिला जारी है। इसकी जानकारी स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों को भी है, बावजूद इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। गौरतलब है कि पूर्व में आरपीएफ ने यूटीएस काउंटर के नजदीक से एक गिरोह को काबू किया था जोकि बसों में सस्ते सफर का लालच देकर जनरल टिकट खरीद रहे लोगों को गुमराह कर रहे थे।
प्लेटफार्म-1 पर लोगों से मांग रही थी रुपये
बुधवार को छावनी के प्लेटफार्म 1 पर एक श्रमिक के पीछे तीन लड़कियां चल रही थी। कुछ देर बाद वह व्यक्ति ठहरता तो यह लड़कियां आगे आ जाती हैं और कहती हैं कि उनका पर्स गुम हो गया है और उन्हें दिल्ली जाना है, इसलिए कुछ मदद हो जाए तो कर दीजिए। इसके बाद श्रमिक 50 रुपये दे देता है। इसके बाद लड़कियां दूसरे व्यक्ति के पास चली जाती हैं। ऐसे कर यह कई लोगों से रुपये एकत्रित कर लेती हैं। यहां लड़कियों को पता चल जाता है कि उनकी वीडियो बना ली गई
अगले दिन स्टेशन के पूछताछ केंद्र पर आती हैं
इसके बाद वीरवार को स्टेशन पर यह लड़कियां नहीं दिखाई देती हैं। फिर वह शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे अपनी जगह बदलकर स्टेशन के पूछताछ केंद्र पर पहुंच जाती हैं। यहां पर वह कैमरे में दोबारा से कैद हो जाती हैं। इसके साथ ही लोगों से बात करने की कोशिश करती हैं तो यात्री अनसुना कर नजदीक से निकल जाते हैं। यहां भी वह दिल्ली जाने की बात कहर रुपये मांगती दिखती हैं। करीब तीन घंटे रुकने बाद पता चलता है कि उन्हें एक व्यक्ति अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले जाता है।
पीड़ित ने बताई आपबीती
बिहार जाने वाले श्रमिक से जब अमर उजाला टीम ने बात की तो उसने बताया कि बुधवार को लड़कियां 200 रुपये की उससे मांग कर रहीं थी। वह मना करता है कहता है कि 50 रुपये दे सकता है तो वह ही ले जाती हैं। वह कह रहीं थी कि उन्हें कहीं जाना है भाई मदद कर दीजिए।
ऐसी कोई भी शिकायत अभी उनके पास नहीं आई है फिर भी वो अपने स्तर पर इसकी जांच करवाएंगे, अगर कोई यात्रियों से पैसे वसूलता या मांगता नजर आया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
-जावेद खान, प्रभारी आरपीएफ