नारायणगढ़। बारिश के मौसम में बिजली से जुड़े हादसों से बचाव के लिए सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है। बिजली निगम के एसडीओ विकास बंसल ने बताया कि गीली जमीन, टूटे हुए बिजली के तार और ट्रांसफॉर्मर बारिश में जानलेवा साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि टूटे या गिरे हुए बिजली के तार से दूर रहें और तुरंत नजदीकी बिजली कार्यालय को सूचित करें। पानी भरे स्थानों में नंगे पैर न चलें, इनमें करंट फैलने की आशंका रहती है। घर के बिजली उपकरण गीले होने पर तुरंत बंद करें और इलेक्ट्रिशियन की सहायता लें। बिजली पोल, ट्रांसफार्मर, तारों या मीटर बॉक्स को हाथ न लगाएं। बच्चों को खाली मैदानों, जलभराव वाली गलियों या ट्रांसफॉर्मर के पास जाने से रोकें। आपात स्थिति बिजली निगम हेल्पलाइन 1912 एवं स्थानीय बिजली कार्यालय से संपर्क करें।