अंबाला। नेताजी एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला का हैंड बैग अज्ञात ने झपट लिया। घटना अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के नजदीक यार्ड में हुई। जीआरपी ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मध्यप्रदेश निवासी रेनू सिंह ने बताया कि 27 मई को वो परिवार सहित मिर्जापुर से कालका के लिए नेताजी एक्सप्रेस में बैठी थी। जब ट्रेन अंबाला कैंट पहुंचने वाली थी तो आउटर पर किसी अनजान आदमी ने उसका हैंड बैग खींच लिया। बैग में जरूरी दस्तावेज, मोबाइल फोन, नकदी, रेल टिकट सहित अन्य सामान था। इसी प्रकार दूसरे मामले में ट्रेन नंबर 11907 होशियारपुर-आगरा कैंट में सफर कर रहे पुलिस कर्मचारी का लैपटॉप चोरी हो गया। जालंधर निवासी राकेश शर्मा ने बताया कि 13 मई को वो ट्रेन में जालंधर से नई दिल्ली तक सफर कर रहा था। जब ट्रेन अंबाला कैंट पहुंची तो किसी ने सीट पर रखे लैपटॉप को चोरी कर लिया।