अंबाला सिटी। अंबाला सिटी क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों से दो किशोरियों को सांप ने डंस लिया। इस वजह से दोनों की मौत हो गई। पहला मामला अंबाला सिटी के मोती नगर स्थित न्यू रंजीत नगर में गत रात्रि एक 15 वर्षीय किशोरी निशा को सोते समय एक जहरीले सांप ने डंस लिया। इस वजह से उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गत रात्रि करीब साढ़े 11 बजे सतपाल सिंह का परिवार प्रतिदिन की तरह अपने कामकाज निपटा कर सो चुका था। इसी दौरान उनके घर में कहीं से घुसे एक जहरीले सांप ने उनकी बेटी निशा को कान पर डसा। जैसे ही निशा ने सोते हुए हाथ मारा तो सांप ने उसके हाथ पर भी डस लिया। अचानक बेटी निशा ने शोर मचाकर अपने परिजनों को बताया कि मुझे सांप ने काट लिया। इसके साथ ही निशा की हालत बिगड़ने लगी, परिजनों ने तुरंत निशा को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसकी सांप द्वारा डसने की पुष्टि की, वहीं उसकी हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने पीजीआई रेफर करने के लिए कहा था, मगर देखते ही देखते कुछ समय पश्चात ही नागरिक अस्पताल में ही निशा की मौत हो गई। चिकित्सकों ने शव को मुर्दाघर में रखवा दिया था। बुधवार को पुलिस थाना सदर अंबाला सिटी की मौजूदगी में किशोरी निशा का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के पश्चात परिजनों ने शाम करीब तीन बजे बेटी निशा का अंतिम संस्कार कर दिया।
दूसरे मामले में क्षेत्र के गांव धुराना में खेतों में परिवार सहित रह रहे बिहार निवासी गोविन्द ने बताया कि वह अपने कामकाज के सिलसिले में गांव धुराना के एक जमीनदार के खेतों में बने ट्यूवबेल में परिवार सहित रह रहा है। बुधवार सुबह करीब पांच बजे उसकी 14 वर्षीय बेटी रूक्मणी को एक जहरीले सांप ने पैर पर डस लिया। जैसे ही सांप पर नजर पड़ी तो सांप खेतों के रास्ते से कहीं निकल गया। बेटी रूक्मणी की कुछ समय बाद ही हालत बिगडऩे लगी। वह कुछ ग्रामीणों की मदद से अंबाला सिटी नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इस मामले की सूचना अंबाला सिटी सदर पुलिस को दिया गया। पुलिस जांच अधिकारी एएसआई नरेश कुमार ने मौके पर परिजनों से मामले की पूछताछ कर पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया।