अंबाला। ग्रामीण क्षेत्र के दैनिक यात्रियों, छात्रों, मरीजों व उनके तीमारदारों को लगभग दो साल बाद सौगात मिल गई है। यह सौगात रेलवे की तरफ से दी गई है। इसके तहत छह मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे रेलवे स्टेशनों पर दिया गया है ताकि इन क्षेत्रों से ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
रेलवे बोर्ड की तरफ से इस संबंध में आदेश जारी किए गए थे। अब इन आदेशों की अनुपालना में रेलवे ने अंबाला मंडल के अधीन तंदवाल और दराजपुर स्टेशन से सफर करने वाले सैकड़ों यात्रियों को राहत दी है। रेलवे के आदेशों के तहत ट्रेन नंबर 04501 सुबह 7.17 पर दराजपुर आकर 7.19 बजे रवाना होगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 04502 सहारनपुर-ऊना हिमाचल एक्सप्रेस का ठहराव दराजपुर में शाम 6.20 बजे होगा और 6.21 बजे ट्रेन रवाना हो जाएगी। इसी प्रकार ट्रेन 04501 तंदवाल स्टेशन पर सुबह 7.40 बजे पहुंचकर 7.41 बजे रवाना होगी। जबकि ट्रेन नंबर 04502 शाम को 5.57 पर पहुंचकर 5.58 बजे रवाना होगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 04523 सहारनपुर-नंगलडैम का ठहराव दराजपुर में शाम 5.24 बजे और संचालन 5.25 बजे होगा। तंदवाल स्टेशन पर उक्त ट्रेन का ठहराव शाम 5.47 बजे और संचालन शाम 5.48 पर होगा।