अंबाला। युवक को यूएसए भेजने और विदेश में काम दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी हुई। आरोपी ने युवक को दिल्ली के होटल में डेढ़ महीने तक रखा और वापस घर भेज दिया। रुपये मांगने पर आरोपी ने महिला को धमकाते हुए उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी।
गांव जगौली निवासी उर्मिला ने बताया कि उसकी मुलाकात बकनौर निवासी रिंकू से हुई। इसने बकनौर निवासी बलजिंद्र सिंह से मिलाया। महिला को बताया कि वह उसके बेटे लवप्रीत को यूएसए भेज देगा और वहां पर उसे काम दिला देगा। यह सुनकर महिला बलजिंद्र सिंह की बातों में आ गई। मई 2022 को उर्मिला अपने पति, ससुर, बेटे लवप्रीत और गांव के इंद्रजीत सिंह के साथ बलजिंद्र के घर गए। जहां पर बलजिंद्र सिंह ने महिला से दो लाख रुपये नकद और लवप्रीत का पासपोर्ट ले लिया। नौ जून को बलजिंद्र सिंह लवप्रीत को अपने साथ दिल्ली लेकर गया। इसी दौरान चार चार लाख रुपये दिए। उसने कहा कि अगले दिन फ्लाइट से यूएसए भेज देगा। एक महीने 15 दिन तक आरोपी बलजिंद्र ने लवप्रीत सिंह को दिल्ली के गोल्डन होटल में रखा और उसे यूएसए नहीं भेजा। इस दौरान युवक के 60 हजार रुपये भी खर्च हो गए। डेढ़ महीने बाद आरोपी ने महिला के बेटे को घर भेज दिया।